दिनभर की लाइब्रेरी और ख्वाब के बीच लड़ाई के बाद,
रात को तुम्हें सोचना
ऐसा लगता हो —
जैसे कार्तिक की तपती धूप से उभरने के बाद
फूल और पत्तियाँ
जुगनुओं की रोशनी में
ओस की बूँदों से नहा रही हों।
जब रात ढलने लगती है,
तुम्हारी यादों को आते देख
नींद ग़ुस्से और सहमेपन से
मेरे तकिये के पीछे जा बैठती है।
तमाम अटकलों और विवेचनाओं के बाद
मैं खुद को असहाय पाता हूँ
इन दोनों के मध्यस्थता में।
और फिर,
कभी कभी ऐसे ही
सुबह का आफ़ताब लौट आता है।
- साँझ मैथिल

