प्रेम क्या हैं कैसे समझाएं
कोई परिभाषा हो तो कैसे बताएं?
हर्षित अश्रूओं की बहती धाराओं से
नेत्रों में प्रखर होती दृष्टि से
अंतःकरण में व्यक्त होती भावनाओं से
विचलित होती आस से
या मानस चित्त में अरवश चलते विचारों से
प्रेम क्या हैं कैसे समझाएं?
उदात्त सत्य की गर्जना से
अतृप्त मोक्ष की कामना से
अंधकार में पूरयति होते प्रकाश से
ध्यान के योग में होते साक्षात्कार से
प्रेम क्या हैं कैसे समझाएं?
गीता से ललकारती श्रीमंत की वाणीओं से
कबीर के दोहों से
माँ सरस्वती के सितार से
शिव शक्ति के संगम से
देवी यति की सुगम अभिव्यक्ति से
प्रेम क्या है कैसे समझाएं?
गंगा की सरल प्रवाह से
हिमालय की शीतल वायु से
सुन्दर कुसुम पुष्प की प्रफुल्लता से
विरह मिलन के खींच तान से
मधुर मृदुल प्रकृति के संगीत से
प्रेम क्या है कैसे समझाएं?
ऊंचे सिद्धांतों के लिए मृत्यु को गले लगाते महात्माओं से
स्वतंत्र चेतना से उठे विचारों से
गिरकर उठते संघर्षों से
प्रेम क्या है कैसे समझाएं?
प्रेमिका से मिलन की आस में बैठे प्रेमी से
और जब वो मिले तो हर्ष करते हृदय से
या तप्ती धरती को शीतल करती वर्षा से
जड़ों में अगाध और आकाशों में उँचे उठते जीवन से
धरती माता की ममता से
या प्यास मिटाते जीवन जल से
माँ की गोद से
या मृत्यु में जीवन भरते श्वास से
प्रेम क्या है कैसे समझाएं?
कोई परिभाषा हो तो कैसे बताएं?
अब स्वयं ही समझ जाए
प्रेम में विलीन हो जाए
सुन्दर सुगम सरल भाव में
प्रज्ञ हो जाए
और प्रेम में संपूर्ण हो जाए
और प्रेम में संपूर्ण हो जाए.....l
कवि ज्योत देव (दिव्येश).

