बोझिल पांवो से चलती ये ऋषि बाला।
और जानी पहचानी आश्रम की डगर।
थामकर अपने नन्हे बालक का हाथ।
समीप आता पितृगृह और वही नगर।
साथ में था नन्हा अष्टावक्र बड़ा कुरूप।
और सुजाता ढोती वैधव्य का कटु भार।
एकमात्र सम्पति वह टुकड़ा जिगर का।
अंधकार भविष्य का सहारा ये एकमात्र।
बढ़ते जाते पांव और था विदीर्ण हृदय।
असामयिक वैधव्य से छाया अंधकार।
पाला बेटी को माना सदा जिगर जान।
क्या गुजरेगी जन्मदाता पे स्वागत कर।
पहुँच गयी सुजाता आश्रम के करीब।
मंत्रध्वनि होती संध्या की वेला पावन।
माता पिता ने किया दोनो का स्वागत।
आश्रम में था अजीब शांत वातावरण।
मिला उसे स्नेह सन्मान और आश्रय।
गुजरा बचपन जिसे अपना घर मान।
स्वगृह होकर भी ना जाने क्यो पीहर।
आज शादी के बाद लगता अनजान।

