घर के आगे बरगद जिस छांव में बचपन काटा
लगता था हर पल उससे जन्म जन्म का नाता

रोज सवेरे पेड़ से सूरज की किरणें झांक जाती
पत्तो की गाड़ी बना साइकिल से चक्कर लगाते

दिन भर चिड़िया चहके मिठ्ठू आवाज़ दे जाते
अपनेपन का नाता ये दानापानी के कुंडे लगाते

बंदर धमाचौकडी मचाते कौए डाल डाल फिरते
टहनियां पकडते या फिर जडे पकड़ झूल जाते

गर्मी में लोगबाग घूमते फिरते वहां बैठ सुस्ताते
हम भी पेड़ की छांव में खाट लगाकर सो जाते

रात में खाट पर लेट दादाजी कहानियां सुनाते
हम भी संग बैठ बदले में उनके पैर दबा आते

रात होते चमगादड़ के झुंड अपना रंग जमाते
वहां कोंपले खाते रात में उल्टे लटक सो जाते

पतो से छन चाँदनी धरा पे अमृत बरसा जाती
स्वर्ग सी छटा देख अपना अस्तित्व भूल जाते