रोज सवेरे दालान में झांकता सूरज।
आंगन में नीम छांव में बीता बचपन।
घर कामो में लगी वहां रहती अम्मा।
वह बड़े घर का आंगन और दालान।

दालान में बैठे रहते खांसते दादाजी।
चश्मे की पैनी नजर झांकते बाबूजी।
आंगन में फुदक फुदक आए गौरैया।
हाथ से छीन भागे रोटी का टुकड़ा।

चीं चीं करता वो चिड़िया का बच्चा।
चीखे तो मुंह में दाना देती चिड़िया।
चाटती दुलराती आंगन में बंधी गैया।
गऊ के आगोश में प्यारा सी बछिया।

दिल बड़े हुआ करते साधन थे कम।
दस बारह सदस्यवाला शादी सा घर।
घर सिकुडे पहले या सिकुडा प्यार।
सिकुड़ गए घर आंगन और दालान।

#सुरेश_गुप्ता
स्वरचित