सीने में मेरे ऐसे है अब दिल पड़ा हुआ

जैसे हो मां के पेट में बच्चा मरा हुआ


यादों की एक बेल बदन से लिपट गयी

आयी बहार और मेरा दुख हरा हुआ


वो बेवफ़ा तो दोनों जहां दे गयी मुझे

उससे बिछड़ के रब से मेरा राब्ता हुआ


इंसान काँप जाएंगे उस रोज़ देखना

सीरत से अपनी इनका कभी सामना हुआ


बस इक सदा पे तेरे गले आ लगूँगा जान

दीवार हर रिवाज की मैं तोड़ता हुआ


टुकड़े उठा रहा हूँ सुख़न में मैं ख़्वाब के

हर शेर है तभी तो लहू थूकता हुआ


दानिश-वरी पे अपनी बहुत नाज़ था मुझे

फिर मेरे साथ आशिक़ी का हादसा हुआ


दुनिया कुचल गयी है मुझे इसका दुख नहीं

दुख तो है ये कि तू भी गया रौंदता हुआ


हैरत है संग-दिल कि तू कुछ सोचता नहीं

इक शख़्स मर गया है तुझे सोचता हुआ



~सिराज फ़ैसल ख़ान