जिनमे जीते हुए भी मौत का एहसास हो
ऐसे लम्हें जिंदगी में बेहिसाब आए हैं
खुश रहने की अदाकारी करते हर रात
मेरी आंखों के किनारे पर सैलाब आए हैं
मुझे जब-जब लगा तुझे भूल गए हैं
अगली रात कम्बख़्त फिर तेरे ही ख्वाब आए हैं
सारी दुनिया घूम कर हुस्न का लुत्फ़ उठा कर
रूह की तड़प मिटाने तेरे दर पर खाना-ख़राब आये है
मगर….
सब कोशिशें करने के बाद हम इस नतीजे पर पहुँचे हैं
कि दिल से तेरे नक्श-ओ-पा मिटाए नहीं जा सकते
बंजार जमीन पर नए पेड़ भी उगाए नहीं जा सकते
और जो लम्स आंखों के रास्ते रूह में उतर जाए
वो कभी चाह कर भी भूलाए नहीं जा सकते
तस्वीरें और ख़त तक तो ठीक है मैं जला भी दूँ
मगर तेरी हँसी की गूंज जो मेरे तसव्वुर में क़ैद है
उसके निशान मेरे हाफिज़ा से मिटाए नहीं जा सकते
जो इश्क़ में नये-नये हैं यह सोच कर आगे बढ़ें
कि कुछ दाग और दर्द रूह को गर लग जायें
तो साँस टूटने से पहले छुड़ाए नहीं जा सकते
चलो इश्क़ को अब इतना बदनाम भी क्या करना
अपनी क़िस्मत का इल्ज़ाम इश्क़ पर क्यों धरना
वोह आया मेरी ज़िंदगी में तो बहुत कुछ सीखा गया
हर हाल में मुस्कुराना हर दर्द को छुपाना सीखा गया
मगर कभी कभी यह भी अक्सर सोचा है मैंने
की अगर इश्क़ ना होता तो क्या होता
क्या यह जहाँ जैसा है वैसा ही होता
क्या दुनिया ज़्यादा हसीन होती
या हर रंग होते हुए भी गामगीन होती
मैं लाख ख़फ़ा हूँ चाहे इश्क़ से
मगर यह होना ज़रूरी है
किसी ना किसी मोड़ पे
कभी ना कभी
कुछ देर के लिए सही
दिल का खोना ज़रूरी है
फिर चाहे अंजाम जो भी हो
हो सकता है पुराने ज़ख़्म सिल जायें
और मुमकिन है नयी चोट मिल जाये
मगर इन दोनों एहसासों का महसूस
होना ज़रूरी है
और हाँ रही बात मेरे इश्क़ की
उसको भूलना मुमकिन हो ना हो
मगर मेरे इश्क़ का मेरी मोहब्बत का
जो अब मेरी नहीं रही उसका खुश होना
मेरे लिये आज भी उतना ही ज़रूरी है.
क्योंकि मैंने ख़ुदा से उसकी खुशी माँगी थी
मेरे साथ हो या किसी और के साथ
उसका खुश होना मेरे सुकून के लिए
ज़रूरी है.
मैं लाख ख़फ़ा हूँ चाहे इश्क़ से
मगर यह होना ज़रूरी है
किसी ना किसी मोड़ पे
कभी ना कभी
कुछ देर के लिए सही
दिल का खोना ज़रूरी है
