ना बन पाएंगे बच्चे अब बारिश में घरौंदें मिट्टी के, खेलेंगे केवल खिलौना गाड़ी से टाइल्स वाले पक्के फर्श पर, जाएंगे पढ़ने कॉन्वेंट स्कूल और बोलेंगे इंग्लिश फास्टली लेकिन भुलाकर मायड़ भाषा को। पीने के लिए बच्चों से बूढ़ों तक मिल ही जायेगा दूध तो पर ला नहीं पाएंगे बर्तनों में महक गाय के थणों की, नहीं हो पायेगी नसीब उड़ती धूल जो भर जाती है आकाश में शाम को रेवड़ के गुजरने से। नहीं बिखरेंगे गुआड़ में पीले पत्ते अब कीकर के, ना घुलेगी खुशबू हवा संग मिंगसर में कच्ची सरसों की, और ना ही दिखेगी खिड़की से चिड़ियाँ बैठी बाजरे के सिट्टों पर। क्योंकि खेत-खलिहान सब बेच कर सुना है अब हम भी कोठी बनाएंगे बड़े शहर में।