रसोई को रौशन करते ही
जगमगा लेती हूँ, अपने व्याकुल मन को
वक़्त, मूड और स्वाद के समीकरण को समझते हुए
व्यंजन निश्चित होते ही
शांत कर लेती हूँ, व्याकुल मन के विप्लव को ||
फिर एक परात में, आटा लगा कर
गूंथ लेती हूँ, सारी परेशानियाँ,
छोटी-छोटी लोई, बना कर
सोच लेती हूँ, हो गयी हैं कुछ कम, मेरी नादानियाँ।।
धैर्य के बेलन से, जब बेलती हूँ लोइयाँ
ज़रा आसान सी मालूम पड़ती हैं, यही परेशानियाँ ।।
तज़ुर्बे की लौ पर, चढ़ा कर विश्वास का तवा
एक- एक कर पका लेती हूँ, उम्मीद, इनके अंत का ।।
-Shweta
