एक हँसी सी
अब भी मिलती हूँ
टूटे-बिखरे सामानों में
जैसे मिला करती थी
हुस्न के पैमानों में
एक सदा सी
अब भी गूँजती हूँ
खाली,सूने मकानों में
जैसे गूँजा करती थी
भीड़ भरी दुकानों में
एक एहसास सी
अब भी मचलती हूँ
कुछ भूले-बिसरे नामों में
जैसे मचला करती थी
रंगीन सुबह-शामों में
एक रात सी
अब भी ढ़लती हूँ
बेबसी के जहानों में
जैसे ढ़ला करती थी
कशिश भरे जमानों में
