मन करता है मेरा, तेरे पर एक कविता लिखूं,
कुछ अनकहा लिखूं, या लिखूं अहसास मेरा।
हर पल याद लिखूं तेरी, या बेहिसाब मोहब्बत लिखूं,
तुझे पाने का ख्वाब लिखूं, लिखूं मेरे दिल पर राज तुम्हारा।।
धड़कते दिल की मेरे, हर एक धड़कन तेरे नाम लिखूं,
तुझे मेरी जान लिखूं, या लिखूं हर पल साथ तुम्हारा।
तेरी सुंदरता का बखान लिखूं, तेरे बेमिशाल प्यार का गुणगान लिखूं,
तेरे-मेरे संजोये सपने लिखूं, लिखूं हर पन्ने पर बेशुमार इश्क़ तुम्हारा।।
मेरा संबल-मनोबल तुझसे, तुझे ही मेरी ताकत-हिम्मत लिखूं,
मेरी सफलता की सीढ़ी तुझसे, या मेरी सोच-समझ लिखूं।
मेरी आन-बान-शान तुझसे, तुझे मेरा मान-सम्मान लिखूं,
तेरे साथ बीते हर पल की याद लिखूं, मैं बस लिखूं ही लिखूं।।
हर सांस तुझ पर कुर्बान लिखूं, लिखूं रोम-रोम में नाम तुम्हारा,
तुझे मेरी दुनियां लिखूं, लिखूं मैं याद आता तेरा उनियारा।
मन करता है मेरा, तेरे पर एक कविता लिखूं,
कुछ अनकहा लिखूं, या मेरे अहसास लिखूं।।


