तुम बरगद के वृक्ष

मैं आम का अंकुर हूं

तुम शाश्वत चिर जीवन,

मैं क्षण भंगुर नश्वर हूं।

—

अमिट दूरी तुम्हारे-मेरे बीच

तुम आसमान मैं समंदर हूं

तुम अनादि अनंत हो सही,

मैं भी नित-निरंतर हूं।

—

तुम मूर्धन्य ज्ञानी अपार

मैं ललसाओं का सागर हूं

तुम विशाल व्योम अकाश

मैं नगण्य कहीं तुम्हारे भीतर हूं।

—

तुम सृजक संहारकर्ता

मैं कभी जीव-जन्तु, कभी नर हूं

कई सांचों में ढालते रहे हो मुझे,

मैं कृति तुम्हारी, सबसे सुंदर हूं।

—

मेरे पल-पल, क्षण-क्षण तुम्हारे

मैं कण-कण, रोम-रोम तुम्हारा हूं

मेरा गत भी तुम, आगत भी तुम

तुम शांत रहस्य, मैं बेचैन मुखर हूं।

-श्रीधर