('ग्रेटर कैलाश का कुत्ता'- कविता 23 साल पुरानी है। कविता का केन्द्र दिल्ली महानगर है। दिल्ली के सामाजिक, राजनैतिक ताने-बाने से वाकिफ लोगों को ज्यादा पसंद आती है। दिल्ली का इंन्फ्रास्ट्रक्चर इन दो दशकों में बहुत बदला है मगर भूगोल नहीं। ‘ग्रेटर कैलाश’ साउथ दिल्ली का पॉश एरिया है। कविता सच में रात के दो बजे, गहन चिंतन में बैठे कुत्ते के आव-भाव से उपजी थी। हमें दिल्ली से एक ही दिन में प्रयाग पहुंचना था। अगली सुबह तय कार्य में हाजिर होना था। तब सड़कें बहुत कठिन थी, बायपास या एक्स्प्रेसवे तब नहीं होते थे। हापुड़-मुरादाबाद-बरेली-लखनऊ में ही दिन निकल जाए। दिल्ली से प्रयाग एक दिन में थकाऊ था। कारें पुरानी तकनीक वाली अक्सर धोखा देती। रौशनी में सड़क में बैठे कुत्ते की भावभंगिमा पर, कुछ क्षण केन्द्रित होने पर, मैंने अपने साथी से कहा कुछ देर ड्राइव कर दें, लिखना है। दिल्ली की सीमा तक कविता पूरी हो गई। आज भी वही शब्द हैं। यह जनवादी कविता, मुझे अपनी अनगिनत रचनाओं में हमेशा ताजी लगती है। दस साल पहले अण्णा-आंदोलन के दौर में, जो व्यंग लेख मेरे छपे उनमें भी इसके अंश हैं। पत्र-पत्रिकाओं एवं बौद्धिक मित्र-मंडलियों की पसंद, आज भी प्रसांगिक कविता,सभी सुधी मित्रों को सादर……).
********************************************************
रात के दो बजे,
घुप्प अंधेरे में,
ग्रेटर कैलाश की
सड़क के बीचों-बीच
सुनसान बैठा कुत्ता,
सोचता है,
आदमी सारे भाग गये
उसे सड़क पर देखकर,
आदम-जात अपभ्रंश,
एक-एक कर, दुम दबाकर
भाग गये कुत्ते की तरह;
क्या प्रोग्रेस करेंगे
ऐसे ये लोग,
पॉलिटिक्स के सिवा
कुछ नहीं कर सकते
लड़ते हैं, कटतें हैं, मरते हैं
कुत्तों से भी बदत्तर
जर-जोरु-जमीन की पॉलिटिक्स,
जात पात की पॉलिटिक्स,
ऊंच नीच की पॉलिटिक्स,
गांवों से दिल्ली दरबार तक,
ल्यूटियन जोन से गांवों तक,
कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक
पॉलिटिक्स ही पॉलिटिक्स,
कुत्तेपन की पॉलिटिक्स।
वह बिलकुल नहीं मानता कि,
इंसानी कुत्तेपन से उसकी
कोई बिरादरी है
या मात्र भौं-भौं करने मात्र से,
निरीह जानवर ही कुत्ता बनता है;
वह खुद को कुत्ता स्वीकार रहा है
इहलोक भी, परलोक भी
मगर उसकी धारणा
भीतर ही भीतर पुख्ता हो चुकी कि,
कुत्तापन कुत्तों में नहीं,
आदमी में ज्यादा है।
मुफ्त में घूमफिर लेता है वो,
दिल्ली की पॉश कालोनियों से लेकर,
जमुना पुश्ते की झुग्गियों तक,
रोहिणी की उभरती आबादी से लेकर,
द्वारका में फफूंदी जैसे पनपते
डीडीए के सैंकड़ों बहुमंजिलों तक,
यू.पी.हरियाणा के,
धूल भरे बॅर्डरों से लेकर
ताज पैलेस होटल की,
दर्जनों मंजिला सात सितारा चमक का,
खूब अहसास है कुत्ते की आँखों को;
कहाँ क्या पकता है,
कौन जन्मता है, कौन मरता है
कौन रातों भर,
एयरकंडीशन अय्याशियों से,
जी भर के थक ऊब चुका है;
कौन दिन भर मेहनत की,
भूख, पसीने, रिसते घावों से
तड़प कर
खुले आसमान के नीचे नंगा औघड़,
गर्म चिपचिपी रातें गुजारता है,
मजबूर होकर, घर की,
नाबालिग, जवान, अधेड़ औरतों को,
रेड लाइट एरिया में,
आते-जाते आंखें मूंद लेता हैै,
कौन बकरे,मुर्गे,सुअर के मुर्दा मांस से,
छक होकर अब,
आदमखोर हो चुका है
और कौन अय्यास सेठों के प्लेट से,
अधखाई, अधचबाई गोश्त की हड्डी को,
कुत्ते की तरह झपट कर,
खुद चूस लिया करता है
यह सब बखूबी देखा है,
दिल्ली के सेठ गलियारों में,
ग्रेटर कैलाश के कुत्ते ने।
संसद, रेकोसर्स,
नार्थ एवेन्यू, साउथ एवेन्यू ,
लूटियन जोन, चाणक्यपुरी,
वी.वी.आइ.पी. डिप्लोमेट,
सैंकड़ों राजदूत, हजारों विदेशी
गोरे चिट्टे, काले कलूटे, भूरे लाल,
वाह किस्में ही किस्में हैं,
आदमी की किस्में कुत्ते की भांति,
दिल्ली सरकार, सेंटर सरकार
सरकारी हलकारें, अदालती पुकारें
क्या कुछ नहीं देखा है,
दिल्ली की जुदा-जुदा,
चौड़ी सड़कों, खूबसूरत गलियों,
कंगाल घुटती झुग्गियों के बीच,
दिल्ली की स्टार मंजिलों से लेकर
जमुना पुश्ते के दलदल तक
भरपूर चमक-दमक,
किंतु धंधे काले ही काले।
अकेली सुन्न दिल्ली की रातों में,
अक्सर याद आती है अपनी मां उसे,
जब वो पिल्ला था,
स्तन पान कराती मां कुतिया,
चाट-चाट कर उसे ज्ञान देती थी,
बड़ा बनना पर कुत्ता ही रहना,
गोत्र-खानदान की तुझे कसम है बच्चे!
कभी आदमी न बनना तू मेरे पिल्ले।
हाँ बहुत लगाव है,
कुत्ते को अपनी जात-खानदान से,
रीति-रिवाज-परंपरा-विरासत से,
गर्व है मां कुतियां की नसीहत से,
लेकिन घृणा है आदमी के कुत्तेपन से।
- श्रीधर
