मेरा समर्पण है प्रिये!
स्नेह के बंधन बँधा,
सर्वस्व अर्पण है प्रिये!
स्वयं को खोकर,
तुम्हें पाना प्रणय की रीति है;
तव उजाले के लिए,
मिटना अखंडित प्रीति है।
अग्नि जल से जब मिली,
तो बुझ गई;
आँधियाँ पर्वत के सम्मुख,
झुक गईं।
जल से मिलती,
अग्नि का बुझना समझ लो;
पर्वत के सम्मुख,
आँधियाँ झुकना समझ लो।
तुम्हारे लिए ही सदा,
श्रृंगार करते हैं प्रिये!
तुमसे विलग कुरूपता,
स्वभावसिद्ध है प्रिये!
मुझे जब त्यागना तो सोचना,
कि ‘मैं’ कहाँ अब रह सकूँगा;
एक अनुकृत सी हँसी,
और वेदना क्या सह रहूँगा?
देह से गिरकर,
लहू लालिमा खोया;
स्वाति तुम बरस पड़ो,
पपीहा बिलख रोया।
देह से गिरे,
लहू का स्याह होना समझ लो;
स्वाति बूँदों के लिए,
पपीहे का रोना समझ लो।
कुंठित विखंडित मन मेरा,
आकर समझाओ प्रिये!
तुम कदाचित अर्थ को,
इतना समझ पाओ प्रिये!
ये तुम्हारा बल नहीं,
मेरा समर्पण है प्रिये!
स्नेह के बंधन बँधा,
सर्वस्व अर्पण है प्रिये!
~©संजय कवि 'श्रीश्री'

