नववर्ष 2024 की शुभकामनाओं के साथ विशेष रूप से समर्पित!
कोटिशः अभिनंदन मेरी प्रिये!
शुभ मंगल नव वर्ष रहे;
आश्रय प्रियतम की बाँहें हो,
पुलकित मन में हर्ष रहे।
उजली रातें मद्धिम बातें,
प्रीति रीति कहते सुनते;
कर थाम तुम्हारे साथ चलें,
हम स्वप्न नये गढ़ते बुनते।
मेरे स्पंदन की ध्वनि में,
गूंजित नाम तुम्हारा हो;
मेरे साँसो के थमने तक,
मुझमें विश्राम तुम्हारा हो।
कोटिशः अभिनंदन मेरी प्रिये!
ये प्रणय अखंड प्रचंड रहे;
कीर्ति सुकीर्ति संकल्प सिद्धि,
जीवन उज्वल मार्तण्ड रहे।
कोटिशः अभिनंदन मेरी प्रिये!
शुभ मंगल नव वर्ष रहे;
आश्रय प्रियतम की बाँहें हो,
पुलकित मन में हर्ष रहे।
~©️संजय कवि ‘श्रीश्री’

