चहुंओर शिखंडी बैठे हैं ~संजय कवि 'श्रीश्री'


चहुंओर शिखंडी बैठे हैं,

पुरुष वेश और काया में;

बातों से बने हैं बाहुबली,

उलझाते अपनी माया में।


अर्जुन के रथ पर बने ठने,

भीष्म घात कर हर्षित हैं;

एक बाण चला न धनुही से,

पर छाती तान के गर्वित हैं।


पीड़ा सहना मैत्री के लिए,

मनुज प्रथम कर्तव्य यही;

इस रस को ये क्या जाने,

ये राधेय कभी बने ही नहीं।


ये अन्यायी अभिशापित हैं,

धर्म अधर्म को क्या मानें;

लाभ हानि का गुणा योग,

सम्बन्ध निभाना क्या जानें।


ये पाखंडी हैं अभिमानी,

छल प्रपंच और द्वेष लिए;

आहुति दे रिश्ते नातों की,

व्याकुल हैं ईर्ष्या शेष लिए।


हे देव! कृपा इतनी करना,

पग पड़े न इनकी छाया में;

चहुंओर शिखंडी बैठे हैं,

पुरुष वेश और काया में।


~संजय कवि 'श्रीश्री'

(सर्वाधिक सुरक्षित)