अब शेष नहीं बचीं हैं 

मेरी कोई प्रेम-कविताएं

जिसे समर्पित कर सकूं तुम्हें


आधी रात तक 

तुम्हें याद करता रहा

कोशिश करता रहा कि लिख सकूं कुछ

पर लिखा नहीं जा सका


एक स्थान पर बैठे-बैठे 

उन सभी स्थानों का नक्शा मेरे पांव के तलवों पर छपता गया

और मैं यात्राएं कर आया

जिनसे तुम्हारा लेशमात्र भी संबंध रहा


पर कुछ भी लिखा नहीं जा सका।


— शिवम