तुम्हारी स्मृति
सदैव कल्पनाओं को
साथ लिए आती है
और तुम फुदकते हुए
चाबी भरे खिलौने जैसी
अंतिम मुलाकात में
अपना सिर पटकता हृदय
जो कभी मेरे पक्ष में साथ न आया
कि कुछ कह सकने का
साहस कर सकूं तुमसे
अब वह आगे कर देता है मुझे ही
ढ़ाल की तरह
वर्ष भर पहले
तुम्हारी कलाई पर बांधे धागे
वचन देते रहे मुझे अंतिम क्षण तक
तुम्हारी रक्षा का
कल्पनाएं ढांढ़स बंधाती रहीं
तथा विश्वास दिलाती रहीं
कि अंततः जीवन संभावना ही तो है।
— शिवम
