प्रेम है उद्गम ,अंत प्रेम है। जीवन का आधार प्रेम है।
माता-पिता का आश्रय प्रेम है।
शिक्षक की फटकार प्रेम है।
मित्रों का उपहास प्रेम है।
सीमा नहीं विस्तार प्रेम है।
प्रेम है उद्गम, अंत प्रेम है। जीवन का आधार प्रेम है।
पशुओं का स्वामित्व प्रेम है।
स्वामी द्वारा उद्धार प्रेम है।
सूखी भूमि पर वर्षा प्रेम है।
सृष्टि का निर्माण प्रेम है।
प्रेम है उद्गम, अंत प्रेम है। जीवन का आधार प्रेम है।
दया, समर्पण, क्षमा प्रेम है।
घृणा, ईर्ष्या और क्रोध हीन है।
निर्मल, पावन वचन प्रेम है।
स्वार्थ नहीं, निस्वार्थ प्रेम है।
प्रेम है उद्गम, अंत प्रेम है। जीवन का आधार प्रेम है।
राधाकृष्ण यह नाम प्रेम है।
जुडा नाम, आत्मा भी एक है।
बंधन का विपरीत प्रेम है।
' मैं ' से नहीं 'हम' से प्रेम है।
फिर भी मूर्ख मनुष्य भटकता
कहां प्रेम है ? कहां प्रेम है ?
ईश्वर का जो अंश ह्रदय में सही गलत चेताता है,
वही प्रेम है वही प्रेम है।
केवल इतनी बात समझ लो, दृष्टि नहीं, दृष्टिकोण प्रेम है।
