आता जाता हुआ इक दिन
काल मुझसे पूछता है
घाटियों में, वादियों में,
मरुस्थल के धोरों में
समुद्र की गहराइयों में
आकाश की ऊंचाइयों में
तू क्यों इतना जूझता है?
देश-प्रेम से ओत-प्रोत
मैं उसे यूं उत्तर देता हूं।
मेरे राष्ट्र के सम्मान को,
मेरे मित्रों के बलिदान को,
देशवासियों की मुस्कान को,
तिरंगे की आन बान शान को,
न पहुंचे कोई ठेस कहीं।
नदियां, धोरे,पर्वत, घाटी,
करते मुझे विचलित नहीं।
मीठे स्वरों में गूंजती,
मां की लोरी स्मरण हो आती है।
पिता की डांट भी मस्तक सहलाती है,
राखी मुझे बहन की याद दिलाती है।
पत्नी, बच्चे अक्सर कहा करते हैं,
"ज़ल्दी लौट आना", बड़ा शिकवा गिला करते हैं
है खड़ा काल प्रत्यक्ष मेरे,
बस यही कामना करता हूं।
इस धरा पर वापस जन्म लूं,
इस धरती हेतु मर जाऊं।
