फिर वही दिन आया है
सृष्टि फिर मायूस खड़ी
अपनों को रोते देख रही है।
इक विषाणु ने फिर
भयंकर हाहाकार मचाया है।
आशाओं ने भी लेकिन
दमखम बहुत दिखाया है।
फिर वही दिन आया है।
संशय की दीवारें
उठ खड़ी हुई हैं।
चौराहे भी खालीपन
से जूझ रहे हैं।
उम्मीदों के अंगारों ने
भी साहस बहुत दिखाया है।
फिर वही दिन आया है।
नेत्रों से बहते अश्रु
बड़े ही विचलित करते हैं।
मृत्यु की आहट ने
जग में सन्नाटा पसराया है।
प्रेम, दया और मानवता ने
हर क्षण साथ निभाया है।
फिर वही दिन आया है।
