मां शिक्षिका है मेरी ,अपनी व्यस्तता के चलते मुझे समय ना दे पाने की व्यथा देखी है मैंने। पर उसकी व्यस्तता ने ही समस्याओं के उठने से पहले समाधान पहुंचाए हैं मुझ तक।बेलन के नीचे घूमती रोटियों से सीखा था वृत्त की त्रिज्या और परिधि का ज्ञान मैंने।उसने अक्सर मेरे बालों को सुलझाते हुए सुलझा दिए थे रेखागणित के कई सवाल।गीले कपड़ों को झटकाते देख मैंने जाना था जड़त्व का नियम उनसे ही।गेहूं को धोती मां पानी से कचरे को अलग करती तो आर्कमिडीज का सिद्धांत याद आ जाता मुझे।उसकी कुकर की रोज बजती सीटियां पास्कल के नियम को आसान करने वाली थी।हिंदी के अनुस्वार और अनुनासिक की गलतियों को मैंने आईने में देखे बिना ही ठीक जगह बिंदी लगाने की उसकी कला से सीखा।जब हाथ में सिक्का थमा नदी में डालने को कहती तो परवलय के सारे सूत्र सहज हो जाते।उसके ननिहाल जाने के दिन गुरुत्वाकर्षण को समझाने के लिए पर्याप्त होते।
बिस्तर के नीचे,डब्बे के अंदर बड़े सहेज कर रखे गए पैसे,मेरे लिए कैश रिजर्व रेशों की जटिलता को कम करते।पिता की डांट और हमारे बीच उसे खड़ा देखा तो जाना,कैसे हिमालय साइबेरिया की ठंडी हवा से भारत की रक्षा करता है।सारा दिन उसके आगे पीछे घूम जो आनंद हमें आता था,वह धरती का उसकी धुरी के चारों ओर घूमना बता जाता।सुबह ऊर्जा से भरी मां रात को थक कर चूर होकर भी जब अगले दिन उसी ऊर्जा के साथ उठती तो जान पाते चंद्रमा की घटती बढ़ती कलाओं को।बहुत क्रोधित होने के बाद जब उसे दूध का गिलास देते हुए देखती तो ज्वार भाटे की क्रिया विधि स्वतः याद हो जाती।
सच अब जान पाई मां ने ही जिंदगी के सारे सिद्धांतों को व्यवहारिकता दी।
........✍शिवा पाठक
