एक दिन बाग में टहलते हुए,
अचानक नजर गई एक गुलाब की टूटी डाली पर।
डाली का हरापन बयां कर रहा था,
हादसे के हाल ही में घटित होने की त्रासदी।
निश्चित ही किसी निर्दय माली ने छीन लिया था,
उसके जीवन का आधार ,
क्योंकि वह जानता था-
दो कदम आगे बढ़ाने के लिए,
मुस्कुरा कर एक कदम पीछे हटने का हुनर।
पर डाली अनपढ़ थी,
उसे कहा था लोकाचार के सिद्धांतों का ज्ञान ।
अगले दिन भी मुझे वह टूटी डाली वही मिली,
एकटक निहारती अपने प्राण पुंज को।
जिस पर से उसका अधिकार कब का छीना जा चुका था।
परंतु कुछ बदलाव को जरूर गौर किया मैंने।
डाली की पत्तियां सूख चुकी थी ,
सूर के भ्रमरगीत की नायिका के समान।
गुलाब की झाड़ी से निकलने वाला रस,
जो अब तक नम था, साथ दे रहा था डाली के विरह दुख का। एक चीज थी जो अब तक जीवंत थी,
टूटी डाली का हरा तना।
जो जानता था मुरझाई पत्तियों को जीवन देने की कला।
शायद उन तीनों में सबसे अधिक ज्ञानी वही रहा होगा।
बस झट से उठा टूटी डाली को,
मैंने रोप दिया उसे अपने आंगन में।
आज मुस्कुरा रही है डाली ,झूम रही है पत्तियां।
खिल-खिला रहे हैं 1-2 नहीं कई गुलाब के फूल ।
अब गुलाब की वह टूटी डाली ,
ना तो टूटी रही और ना ही डाली ।
वह बन गई है एक गुलाब की एक बड़ी झाड़ी।
...................................................शिवा पाठक✍

