बीती रात की बारिश
यूं तो बारिश का मौसम अधिकांश को पसंद है।
धरती को भी अपने चारों मौसम में ,
प्रिय होगा उसका साथ ।
पर कल रात की बारिश साधारण न थी ,उसमें थी भीषणता। उसकी बूंदो में वह मधुर संगीत ना था ,उनमें थी भयावहता। मिट्टी की भीनी सुगंध का तो नाम ही कैसा ?
जब से मिट्टी घनघोर बारिश से कर रही थी ,
अपने अस्तित्व की रक्षा।
चारों तरफ हरियाली का उपहार लाने वाली बारिश,
आज उतारू थी ,कई पेड़ों को धराशायी करने को।
बहुत कोशिश करने पर भी,नींद आना मुश्किल लग रहा था। एक तो बूंद का ह्रदय कंपा देने वाला शोर
और जानते हुए भी कि, बारिश और बादल की गरज में है,
चोली दामन का साथ।
हर गरज पर चौक जाता था दिल ।
बहुत कोशिश कर जब आंखें बंद की ही थी तो,
बिजली की चमक ने पलकों को फिर जगा दिया।
मुझे स्मरण हो आया उन लोगों का ,
जो रहते होंगे पहाड़ी की तराई में।
ऐसे समय उनकी प्रार्थना बस यही रहती होगी
-" हे! पहाड़ बस अपनी मिट्टी को थामे रखना"।
एकाएक खिच गया एक मिट्टी के घर का चित्र,
मेरी आंखों के सामने ।
कच्चा पन लिए दीवारों का ,खपरैल कवेलू के नीचे बसी, जिंदगियों से तुलना करने पर
मुझे मेरा भय उनसे कम प्रतीत हुआ ,
पर दिल की मजबूती में वे मुझसे आगे थे ।
नदी के किनारे बसी बस्ती का मन ,बस कर रहा होगा प्रार्थना - नदी के तट से ,लोहा हो जाने की।
घाटी में बसे लोगछीनना चाहते होंगे पानी से,
उसका गुरुत्वीय प्रभाव।
रात यूं ही बीत गई ।
सच बीती रात की बारिश में मैंने देखा,
प्रकृति का संहारक रूप।
शिवा पाठक
