कब तलक यह देश समस्याओं में, यूं जकड़ा रहेगा।
देश की ये आम जनता ,पीडाऐ कब तक सहेगा।
कब तलक बंद दुकानों से, गेहूं यू रिसता रहेगा।
जाने कब राशन का गेहूं ,लक्षितों के घर पकेगा।
लाडली लक्ष्मी का पैसा ,बाप यूं पीता रहेगा।
लाडली का पेन बस्ता, ज्ञान से रीता रहेगा ।
कब तलक इस तंत्र का, हाजमा दुरुस्त रह पाएगा।
सीमेंट चारा इस तरह से ,कब तक चबाता जाएगा।
कब तलक टेबल के नीचे ,झुग्गियां दबती रहेंगी।
और नौकरशाहों की, नित मंजिले तनती रहेंगी।
कब तलक संप्रभु भारत, यूं ही सिमटता जाएगा।
काश्मीर नेफा का हिस्सा ,यूं ही कटता जाएगा।
कब तलक समाजवाद, पूंजी तले दबता रहेगा।
लोहिया,जे.पी का सपना , याद अब किसको रहेगा।
कब तलक सच्चाई यूं ,अन्याय में जकड़ी रहेगी।
पीड़ितों के मुख पर कब, जीत की खुशियां दिखेंगी।
कब तलक अनाज मंडियों में, खुला सड़ता रहेगा।
देश का किसान भूखा ,रात में सोता रहेगा।
कब तलक इस देश में, डिग्रियां ही संभाली जाएंगी।
ये डिग्रियां भी न जाने कब, अब रोटियां दे पाएंगी।
.............................शिवा पाठक✍

