हर दर्पण में प्रतिमाओं के आकार नहीं होते।

कुछ सपने सपने ही रहते वे साकार नहीं होते।


कुछ कलियां मुरझाकर धरती पर ही गिर जाती हैं।

कुछ तो फूल खिला कर के उपवन को भर जाती हैं।

ये तो किस्मत की कड़ियां हैं टूटे कभी जुड़ जाती हैं।

पथ के इनके नहीं ठिकाने जाने कब से मुड़ जाती हैं।


कुछ के रूप एक ही है सबके प्रकार नहीं होते।

कुछ सपने सपने ही रहते वे साकार नहीं होते।


हर बूंदें उपजाए मोती ऐसा कहां कब होता है।

हर पीड़ाएं मिले रोती ऐसा कहां कब होता है।

मन की बाते मुखर रहें ऐसा यहां कब होता है।

सब कुछ हो मिल जाता ऐसा जहां कब होता है।


कुछ सीमा के बाहर भी हैं सब अधिकार नहीं होते।

कुछ सपने सपने ही रहते वे साकार नहीं होते।


कर्मों की कुछ रेखाओं पर लीक लीक भी चलना है।

कुछ रस्तों की आशाओं में ठीक ठीक भी चलना है।

हर स्वप्नों के स्वाद अलग हैं चीख चीख भी चलना है।

कुछ अनजाने भी हैं जिनको सीख सीख के चलना है।


कुछ तो तय होते है कुछ स्वीकार नहीं होते।

कुछ सपने सपने ही रहते वे साकार नहीं होते।