फिर कहीं कोई बात चुभ कर रह जाती है ||
हर सुबह इक नयी मंज़िल नया आसमान निश्चित करती हूँ |
नए सवेरे की आशा, नया रास्ता तय करने की प्रेरणा दे जाती है |
नहीं पता क्यों धैर्य में शायद कोई कमी सी रह जाती है |
फिर कहीं कोई बात चुभ कर रह जाती है ||
रास्ते में गुज़रते पेड़ों को देख, बीता समय याद करती हूँ |
उन पलों में खो कर , कभी मायूस तो कभी नादानियों पर हस सी जाती हूँ |
एक समय में दो जीवन मानो एक साथ जी जाती हूँ |
फिर कहीं कोई बात चुभ कर रह जाती है ||
छह पहियों का एक पिंजरा हर रोज़ दो काल कोठरियों का फासला तय करवाता है |
बाहर के और पिंजरों को देखकर, दिल कुछ सेहम सा जाता है |
ह्रदय की पीड़ा फिर दिल के छेद कर जाती है |
और फिर कहीं कोई बात चुभ कर रह जाती है ||
घर से दूर, सुबह माँ की पुचकार बिना ही उठ जाती हूँ |
दिन भर की ठोकर खाकर , मन ही मन रो जाती हूँ |
फिर पिता की डाँट बिना ही, कोठरी में दिन ढल जाती है |
और फिर कहीं कोई बात चुभ कर रह जाती है ||
- शिल्पी बनर्जी (जिनि)
