बस यूँ ही एक दिन निकल पड़ी मैं,
सुहाने सफ़र के गीत सुनने।
नई उत्साह और उमंग के संग,
रास्तों में छोटी कहानियाँ बुनने।
हवा ने छेड़ा केशों को चुपके से,
धूप ने माथे पर सपना रख दिया।
हर मोड़ ने कुछ सवाल दिए,
हर कदम ने खुद से मिलवा दिया।
दिल थोड़ा सहमा सा है,
नया सफ़र, नई डगर—
क्या चलना चाहिए मुझे आगे,
या रुक जाऊँ खुद को संभालकर?
ये नया भारत है मेरा,
जो रखता है बेटियों को सर आँखों पर।
तो क्यों न मैं घूम सकूँ अपने देश को,
अपने ही दम पर, अपने ही हुनर पर?
क्यों चाहिए मुझे कोई सहारा,
जब देख सकती हूँ मैं खुद
अपने ही देश, अपने ही घर की सुंदरता को?
क्या कम है मुझमें हौसला, क्या कम है मेरी नज़र?
नहीं—अब डर मुझे छूता भी नहीं,
जब खड़ी हूँ मैं अपने ही घर में निडर।
अपनी मिट्टी, अपनी पहचान के साथ,
मैं ही हूँ अपनी राह की हमसफ़र।
पुकार रही हिमालय की गोद मुझे,
माता का बुलावा आया है।
मन नतमस्तक हो चला है,
जब भीतर से ये संदेश आया है।
फिर करनी है अरदास गुरु की,
श्रद्धा ने राह दिखाया है।
एक ओंकार सब में समाया है,
हर कण में वही छाया है।
इस पुकार में शांति है,
इस मौन में विश्वास है।
चल पड़ने का साहस भी,
इसी आशीर्वाद के पास है।
सुना है भारत का गर्व है ताज,
देखना है उसे जी भर कर।
यूँ ही नहीं है मेरा भारत,
दुनिया भर में इतना प्रसिद्ध और अमर।
पत्थरों में बसी है मोहब्बत,
समय भी जिसे झुका न सका।
जिसे देखने हर दिल ठहर जाए,
ऐसा सौंदर्य कहीं और न मिला।
कर रहा है आसमान गुलाबी,
जयपुर शहर रंग बिखेर कर,
हवाओं में महक है इतिहास की,
हर गलियारा शान समेट कर।
करना है एहसास रानी सा,
शाही संस्कृति में ढलकर,
मर्यादा, मान और प्रेम लिए,
हर रिश्ता सजे कंगन बनकर।
महलों की दीवारें कहती हैं,
कहानियाँ गौरव अभिमान की,
रग-रग में बसी हो संस्कृति,
पहचान बने भारतवर्ष की।
गंगा आरती मन शीतल करे,
अपनी पावन धारा में।
मिट जाते हैं सब पाप हमारे,
उनकी निर्मल गोद में॥
शंकर जटा से धरती आईं,
जीवन का वरदान बनीं।
कण-कण पावन कर देती हैं,
करुणा की पहचान बनीं॥
सपनों का मेरा दक्षिण भारत,
अद्भुत नारियल, आसमान सा।
हरे पानी पर तैरता घर,
शांत, स्थिर, दर्पण सा।
कॉफी की खुशबू लिए बहती हवाएँ,
धूप की नर्म चादर ओढ़े सुनहरी वादियाँ।
भाषा चाहे हो अलग, पहचान तो है भारत की,
मातृभूमि की मिट्टी लिए, बहती एक धारा सी।
जितने रंगों में भारत बसा है,
रंग ही नहीं उतने दुनिया में,
जीवन तो है छोटा सा,
क्या-क्या समेटे हर बूँद में।
कहीं वादियाँ , कहीं सागर ,
कहीं मिट्टी इतिहास की ,
एक धागे में बंधे सभी,
फिर भी हर रंग लाजवाब, बेमिसाल।
मिट्टी में खुशबू संस्कारों की,
हवा में इतिहास की तान,
भारत बस नाम नहीं है,
ये तो जीने की पूरी पहचान।”