ईर्ष्या होती है उन्हें देख कर 

जो चैन से सोते हैं ज़मीन पर 

हमें तो नींद नसीब नहीं 

मखमल से नरम पलंग पर


ईर्ष्या होती है उन्हें देख कर 

जिन्हे लगती नहीं गर्मी कभी

हम तो रह सकते नहीं 

AC बिना एक दिन भी


ईर्ष्या होती है उन्हें देख कर 

जो सादे पानी से प्यास बुझाते हैं

हम तो पानी पीने से पहले

मिनरल गिनते रह जाते हैं


ईर्ष्या होती है उन्हें देख कर 

जो भर पेट खाना खाते हैं

हम तो डाइट के चक्कर में 

आधे भूखे रह जाते हैं


ईर्ष्या होती है उन्हें देख कर 

जो यूही हर पल हस्ते हैं

हमें तो हसने के लिए भी

लाफ्टर क्लब जाने पड़ते हैं


ईर्ष्या होती है उन्हें देख कर 

कुछ किया बिना ही बीमारी से लड़ जाते हैं

हम तो बस एक छींक पर

डॉक्टर के चक्कर लगाते हैं 


ईर्ष्या होती है उन्हें देख कर 

जो नहीं सोचते कल का

हम तो जीते हर लम्हा

बस कल की चिंता ओढ़कर


ईर्ष्या होती है उन्हें देख कर 

जो जी रहे जीवन खुलकर

हम तो जी रहे कैद में 

मोह धागों से बंधकर


लेखिका : शिल्पा बेहार