नवरात्रि का सीजन शुरू हो गया था । अष्टमी का दिन था । मातारानी से मिलने को भक्तजनो का तांता लगा था । मैं भी अपनी माँ को मातारानी के दर्शन को लेकर गया । माता के दर्शन के लिए भक्तो की इतनी भीड़ थी कि मैंने मातारानी के दर्शन तो किये लेकिन उनकी एक भी तस्वीर ना ले सका । मेरी माँ मातारानी की पूजा करने चली गयी और मैं मंदिर का एक खाली कोना ढूँढकर वहाँ बैठ गया । वहाँ बैठे मैं भीड़ के कम होने और माँ के पूजा करके लौटने का घंटो इंतजार करता रहा । लगभग एक घंटे के बाद माँ पूजा खत्म करके मुझे आती हुई दिखी। माँ तो पूजा करके लौट आयी पर भक्तो की भीड़ अभी भी खत्म नहीं हुई थी । मैं बहुत ही शर्मिला हूँ माँ से मेरी छोटी बहन जो घर से दूर है ने मातारानी की तस्वीर भेजने को कहा था तो माँ ने मुझसे कहा था तस्वीर ले लेने को पर लोगो की भीड़ को देखकर मैंने मोबाइल अपनी जेब से निकाला ही नहीं और मैं माँ को लेकर घर लौट आया । अगले दिन भी सुबह-सुबह मैं मंदिर पहुंच गया आज नवमी था और हवन को लेकर भक्तो की भीड़ फिर से इकट्ठा हो गयी थी । मैं फिर एक कोने में बैठकर पूजा खत्म होने का इंतजार करने लगा । पूजा खत्म होने में घंटो लग रहा था और मेरा सब्र टूटता जा रहा था । पहले मातारानी की पूजा हवन आरती फिर कन्यापूजा इन सारे रस्मो के खत्महोने के बाद जब भक्तगण की भीड़ थोड़ी कम हुई तो मैंने हिम्मत की और अपने शर्म को पीछे छोड़ते हुए मातारानी की एक तस्वीर आखिर ले ही ली ।
