ये सच्ची कहानी जिसमें आजादी से पहले उस जमाने का जिक्र है जब बेटियों को रूढ़िवादी नियमों की जंजीरों में जकड़ कर ससुराल में विदा किया जाता था .उम्र इतनी कम होती थी कि सामाजिक नियमों की समझ तो दूर की बात खुदको संभालने की समझ नहीं होती थी . उससे भी ज्यादा मुश्किल इस बात की पीयर मां का घर
में जो नियम संस्कार और रितिरिवाज इतनी कम उम्र में मस्तिष्क पटल कहीं अपनी जगह बना रहे होते थे . तभी 10 से 12 की छोटी उम्र में जब शादी होकर ससुराल पति के घर पर पहुंचती है तो मालुम चलता था इस नई पारिवारिक जेल के नियम कानून तो बिलकुल अलग थे और हुक्मरान भी .
चलो आगे चलती हूं और अपनी सच्ची कहानी को आगे बढ़ाती हूं जिसकी मुख्य किरदार में ही थी और सच कहूं तो पीड़ित भी में ही थी और सजा भी मुझे ही मिली थी सब कुछ मेरे इर्द गिर्द घूमता तो जरूर था लेकिन मेरी हैसियत मेरा वजूद कुछ भी नही था.
मेरी बुआ जो मुझे वृंदा बिटिया कह कर पुकारती थी
रक्षाबंधन पर राखी बाधनें के लिए घर रामपुर आई थी
जब उन्होंने मुझे देखा तो मेरे पिता से कहा वृंदा बिटिया पूरे 9 साल की होने वाली है क्या जिंदगी भर छाती पर बिठा कर रखने की सोच रखी है कब हाथ पीले करोगे
थोड़ा जमाने और समाज का भी लिहाज करो
बुआ ने कहा मेरी नजर में मेरे गांव आर्यापुर में ही एक लड़का है .
अच्छी जमीन खेती है देखने में लड़का मजबूत कद काठी और कुलीन खानदान से है अगर मन हो तो बात चलाऊं
सबकुछ देखा दाखा हुआ है और बड़ी बात हम तो हैं उस गांव में नजर और मदद दोनों मिलेगी . सोच समझ लो फिर जवाब भिजवा देना हम बात पक्की कर लेंगे
बुआ तो अपने घर आर्यापुर चली गई थी लेकिन साथ में
मेरी आजादी मेरा बचपन भी अपने साथ समेट ले गई थी
में सबकी नजर में 9 साल की ना समझ वाली उम्र में बहुत बड़ी और विवाह के योग्य हो गईं थी अब तो सवेरे दोपहर शाम सिर्फ एक विषय पर चर्चा होती कि वृंदा पूरे 9 साल की हो गई है हाथ पीले करने हैं .
फिर एक दिन गांव का नाई और मेरे पिताजी बुआ के गांव आर्यापुर पहुंच गए और मेरे विवाह की बात शुरू हो गई .
पिताजी ने लड़के का घर देखा वो उनके घर पर खेती का काम होता था. लड़का जिसका नाम गणेशराम था उसके पिताजी बड़े जमींदार थे . सब कुछ बहुत अच्छा था इसलिए मेरे पिता जी ने कहा हम विवाह पीली चिट्ठी नाई के हाथों जल्द भिजवा देंगे . उस जमाने में लड़का लड़की एक दूसरे देखकर पसंद नही करते थे सिर्फ घर के बड़े बूढ़े और पिता जी की मंजूरी के बाद गांव का नाई विवाह की पीली चिट्ठी ही सब कुछ था .
विवाह की तारीख तय हो गई मेरी बुआ की मध्यस्था में मेरा विवाह सम्पन्न हो गया था जब शादी के बाद मेरी विदा हुई तो में पूरे 10 साल की भी नही थी . मां ने समझाया था कि अब वही तुम्हारा घर है चूंकि संयुक्त परिवार होते थे इसलिए तुम्हें सबके साथ मिलकर चलना है और ससुराल के घर की रीति रिवाजों को जल्द समझकर शिकायत का मौका नहीं देना है .अपने पिताजी की इज्जत को संभाल कर रखना .
तुम्हारी बुआ उसी गांव आर्यापुर में और उन्हीं के सहयोग से ये विवाह हुआ है वो तुम्हारी संरक्षक की तरह होगी इस बात का ध्यान रहे .
में ससुराल पहुंची चूंकि परिवार संयुक्त था तो बहुत सारे सदस्य थे लेकिन मुझे कुछ समय में समझ आ गया कि दादी सास और दादा ससुर के नियमों अनुसार ये परिवार चलता है . मेरी सास ने मुझे कहा वृंदा बहु तुम्हारी दादी सास का स्वभाव बहुत कठोर हैं इसलिए तोड़ा संभाल कर काम करना में तुम्हारी मां जैसी हूं तुम्हारी बहुत फिक्र है मुझे . में पूरे 10 साल की भी नही थी ससुराल के काम की जिम्मेदारी मेरे लिए बहुत मुश्किल थी ऊपर से खाना बनाने से लेकर खाने के नियम सबकुछ पहले से तय थे
चौका मतलब रसोई जिसमें मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाना होता था उससे पहले उसको पडुआ मिट्टी जो ठंडी होने के साथ साथ चूल्हे के कालेपन को सफेद कर देती थी से पोतना (पेंट)होता था . ये सब जिम्मेदारी मुझे दी गई थी में सिर्फ 10 साल की थी तो थक जाती थी
10 साल की उम्र में समझदारी नहीं होती है गृहस्थी के नियमों में इसलिए गलतियां होना स्वाभाविक था .
फिर एक दिन आ गया जिसने मेरी जिंदगी को खतम कर दिया सुबह का वक्त था मेरी दादी सास ने कहा कि में और तुम्हारी सासू मां खेत पर काम करने जा रहे हैं दोपहर में लौटने से पहले मिट्टी के चूल्हे को पोतना होगा और खाना बनाना होगा अगर तुमने ये सब नही किया तो तो तुम्हें काट कर रख देंगे . शायद उन्होंने ये सब एक 10 साल की बच्ची को डरा कर काम कराने के मकसद से कहा था.
उनके जाने के बाद में ये सोचकर डर गई कि अगर मुझसे ये सब ना हुआ तो दादी सास मुझे काट देगी और में जोर जोर से रोने लगी थी रोते रोते मुझे पता ही नही चला में कब सो गई थी जब मेरी आंख खुली तो देखा दोपहर होने वाली थी में डर से कांप रही थी
मुझे कुछ समझ नहीं आया एक 10 साल की छोटी बहु समझती भी क्या . मुझे एकाएक मेरी बुआ का ख्याल आया जो उसी गांव में रहती थी . में डर कर रोती हुई वहां चली गई .
मैंने बुआ को सब कुछ बताया उन्होंने कहा डरो मत सब ठीक हो जायेगा में तुम्हारे दादी सास से बात करूंगी .
इधर जब पूरा परिवार दोपहर में खेत खलहन से लौटा तो अपनी 10 साल की बहु को घर पर ना देखकर घबरा गया
फिर उन्होंने आसपास सब जगह ढूंढा पर बहु का कोई पता नहीं था.
तभी 10 साल की छोटी बहु साड़ी पहने रोती डरी हुई अपनी बुआ के साथ आते हुए दिखाई दी ,जैसे ही घर के पुरुषों देखा सब आग बबूला हो गए जैसे कोई प्रलय आ गई थी.
वृंदा बहु की बुआ ने सारी बात बताई कि वृंदा अभी 10 साल की बहु है बहुत छोटी और ना समझ है कहीं दादी सास चाकू से काट ना दे इसी डर से मेरे पास चली आई थी.
दादा ससुर पर इस बात को कोई असर नहीं था उनका कहना था जो एक बार दहलीज से बाहर वो हमेशा के लिए घर से बाहर यही नियम है इस परिवार का. इसलिए वृंदा बहु को अपने घर मायके वापिस जाना होगा .इतनी छोटी से गलती की इतनी बड़ी सजा मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था मेरे पति गणेशराम चुपचाप बैठे थे
मेरे पिता के घर संदेश भिजवाया गया था फिर मुझे मेरे मायके हमेशा के लिए विदा कर दिया गया .
पूरी जिंदगी में यही सोचती रही कि सिर्फ 10 साल की एक ना समझ लड़की जिसने अपना पूरा बचपन भी जी नही पाया था उसे इतनी छोटी सी गलती जिसकी उसको समझ नहीं थी उसके लिए उसको जिंदगी भर के निर्वासन में धकेल दिया गया था. मैंने अपनी पूरी जिंदगी अकेलेपन के साथ काटी थी मेरे पति गणेशाराम ने भी दुबारा विवाह नही किया था उनका दोष यही था कि वो इस पुरुषवादी समाज में अपनी पत्नी के साथ खड़े होने की हिम्मत नही दिखा सके थे . हां मैने पुरुषवादी सोच को अन्तिम समय पर चुनौती दी थी मैंने कहा अगर मेरे ससुराल वाले मेरे मृत शरीर को लेने आए तो उनको बिल्कुल मत सौपना .
स्त्री को भी जीने का अधिकार मिले उसपर नियम थोपे ना जाए बल्कि नियम जब बने तो उसको बनाने में उसकी भागीदारी बराबर की हो .
लेखक ~शैलेंद्र शुक्ला"हलदौना"
विशेष ~ये कहानी सत्य घटना पर आधारित है पात्रों और स्थान के नाम बदले गए हैं .वृंदा के पति गणेशराम और उनके कुटुंब के सदस्य जब वृंदा की मृत्यु पर उनका शव लेने गए थे तो उनके भाइयों ने कहा कि उनकी बहन वृंदा ने उनका शव ना देने को कहा था इसलिए हम नही सौंपेंगे आप चाहो तो अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हो.

