शहर अभी सो रहा है,
सुनी सड़कें, दुकानें बंद, बाजारों में पसरा सन्नाटा,
पार्किंग स्पेस में खड़ी बसें,
बता रही हैं कि शहर सो रहा है।
घरों के भीतर कोई हलचल नहीं,
लोगों के बीच कोई फुसफुसाहट नहीं,
न सिसकियां, न किलकारियां,
न दर्द, न बेताबियां,
न दिलों में उठता तूफान,
न जिंदगी को बचाने, संवारने की चिंताएं तमाम.
बता रही हैं कि शहर सो रहा है।
भोर होगी, सूरज फलक पर आयेगा,
लोग जागेंगे, तैयार हो काम के लिए भागेंगे,
फिर जिंदगी की जद्दोजहद शुरू होगी,
किसी को हरा, किसी से आगे निकलने के लिए दौड़ शुरू होगी,
"मैं बड़ा, मैं बड़ा" के लिए दिनभर लड़ेंगे
शाम होगी, घर लौटेंगे, खाना खाकर चादर ओढ़ेंगे, सोएंगे.
ज़िंदगी का क्रम यूं ही चलेगा,
कभी कोई दौड़ेगा, कभी सोएगा.

