किसी बात पर मुझे अपनी बेटी पर गुस्सा आया ,
देख उसे चिल्लाया , डराया और धमकाया।
उसे जीवन जीने का मतलब समझाया ,
और वक्त अनमोल है विषय पर भरी भरकम भाषण सुनाया.
खुद के बड़े होने का , बाप होने का नाजायज फायदा उठाया.
घर से निकल जाने का , नजरों से दूर हो जाने का फरमान सुनाया.
उसे दिन भर नजरअंदाज किया,
देख कर भी अनदेखा किया।
वो आती रही ,
दरवाजे और खिड़की से छुपकर,
झांककर जाती रही.
उसकी ख़ामोशी बहुत कुछ बयां कर रही थी,
पर मेरी सत्ता तो दम्भ से भरी हुई थी।
शाम के वक्त वो दिखी नहीं,
मैंने दिल से कहा "गई तो गई ",
पर दिल तो दिल है , माना नहीं.
मैंने घर के हर कमरे पर दस्तक दी ,
हर कोने में आवाज़ लगाई।
कोई जवाब नहीं मिला , मेरे ह्रदय की रफ़्तार तेज़ हो गई।
वो नहीं थी पर पूछ रही थी।
"क्या मेरा जन्म एक अभिशाप है?,
क्या खेलना, मस्ती करना , इतना बड़ा गुनाह है?"
मैं सिहर उठा, और दरवाजे की तरफ भागा।
उस निमिष ख्याल आया।
"यदि बाहर ना हुई , तो.... ...... . "
न हुई तो मर जाऊंगा , इन उसके ना जी पाउँगा।
बेचैन मैं बाहर की तरफ भागा .
दरवाज़ा खोला।
वो खेल रही थी........ अपनी सहेलियों के साथ।
मगन थी , खुश थी , उल्लास से भरी हुई थी।
वो मेरी ड़ांट भूल चुकी थी , क्योंकि वो निर्दोष थी.
दोषी मैं था, वो नहीं। शायद इसीलिए
वो ख़ुशी से खेल रही थी , मैं नहीं.
उसे खेलते देख दिल को सुकून आया , आँखों में चमक आयी।
मैं उसे काफी देर खेलते देखता रहा.
मुझे खुद पर शर्म आ रही थी और उस पर गर्व हो रहा था.
मुझे खुद पर लाज आ रही थी और उस पर नाज़ हो रहा था।
बेटी क्या होती है, यह समझ आया ,
बेटी क्यों अजीज होती है, यह समझ आया.
वह मेरे घर जन्मी , यह उसका मुझ पर एहसान है.
अब मुझे खुद पर नहीं , उस पर अभिमान है.
