जैसा किया , वैसा पाया ,
फिर मन में आक्रोश क्यों है ?
जैसा बोया , वैसा काटा ,
फिर मन बेचैन क्यों है ?
जैसा कर्म , वैसी किस्मत ,
फिर मन में रोष क्यों है ?
जैसा कार्य , वैसा परिणाम ,
फिर तू देता दोष क्यों है ?
जैसा संकल्प , वैसा प्रकल्प ,
फिर इतना मायूस क्यों है ?
जैसा प्रयास, वैसा है भाग्य ,
फिर तू उदास क्यों है ?
हर हार में भी होता है उपहार कोई ,
फिर ह्रदय में हताशा क्यों है ?
हर निशा के बाद आता है सवेरा ,
फिर तू इतना निराश क्यों है ?
हर सांस में भी आस होती है छुपी ,
फिर तू इतना भयभीत क्यों है ?
सारी कायनात है जब मदद को तुम्हारी ,
फिर आँखों में आंसुओं का सैलाब क्यों है ?
