अपनी असमर्थता में
पड़ा रहा सकता है व्यक्ति
कई दिन;
अपनी बीमारी से
जूझ सकता है
व्यक्ति
कई मास;
अपनी नाकामयाबी पर
रो सकता है व्यक्ति
कई साल
मगर
कितना भयानक होता है,
किसी व्यक्ति का
किसी की दया से जूझना।
ये दर्द होता है असहनीय
किसी बीमारी में
उभरते और फूटते
फोड़ों से भी अधिक
विकलांगपन से भी अधिक,
और यहाँ तक कि
व्यक्ति के कई असफल प्रयासों के बाद
समाज के दिए तानों से भी अधिक
जब व्यक्ति जूझता है
दया से
तो चीरते हुए उसका वक्षस्थल
दर्द जाता है उसकी आत्मा तक।

