नहीं चाह मेरी कि मुझको, हीरे सी कीमत दे दो
न ही मेरा सपना मुझको, अवनि और अम्बर दे दो ।।
मैं स्त्री, ‘’मेरी आकांक्षा’’, जीवन में बस इतनी सी
अपनी नजरों के पानी से, थोड़ा नीर मुझे दे दो ।।
सृष्टि के निर्माण-चक्र का, मैं आधार, संतुलन हूँ
पुरुषों के सम्मान, मान का, मैं पूरा आलंबन हूँ।।
लेकिन फिर भी नहीं माँगती, मेरा ही आदेश सुनो
‘’मेरी आकांक्षा’’ इकलौती, मुझको मेरा वैभव दो ।।
आदिकाल से वर्तमान तक, मैं ही लुटती आई हूँ
कभी ‘द्रौपदी’ , कभी ‘दामिनी’ सी महफिल में रोई हूँ।।
प्रश्न जेहन में एक निरुत्तर, ‘’मेरी आकांक्षा’’ सुन लो
गलती किसकी-?, क्या मैं दोषी-?, इतना बस उत्तर दे दो।।
- - - विचार एवं शब्द-सृजन - - -
- - - By - - -
- - - Shashank मणि Yadava ‘सनम’ - - -
- - - स्वलिखित एवं मौलिक रचना - - -

