माँ डटा हुआ है लाल तेरा, सीमा पर तरु सा तन के

दुश्मन का उतारूँगा पानी, बिन पानी के ही रण में।।

 

चाहे बर्फ सी ठंडी रातें हों, या तूफानों की रवानी

पर शीश नहीं झुकने दूँगा, सोलों सी है गर्म जवानी ।।

मैं गिरि सा अडिग बना प्रहरी, सिर अपना ढके कफन से

अब अरुण, अरुण चमकेगा सदा, तेरे अंचल, प्राँगण में।।

 

है कसम मुझे पावन भू पर, न बैरी को आने दूँगा

है काल सा दुश्मन लेकिन माँ, मैं उसका काल बनूँगा।।

लगे शहद सा मीठा रक्त शत्रु का, उसका पान करूँ मैं ।।

मिट्टी के ढेर सा है दुश्मन, उसे ध्वस्त करूँगा पल में।।

 

उत्तर से लेकर दक्षिण तक, व पूरब से पश्चिम रण तक

केसरिया रंग सजाऊँगा, साँसों की आखिरी साँस तलक।।

फूलों सी महकेगी धरा, फहरेगा तिरंगा गगन में

फिर खुशी, खुशी से खेलेगी, हर घर, द्वारे, आँगन में ।।

 

बस ख्वाहिश अपनी माँ इतनी, तेरे सजदे सिर कट जाए

मेरे अस्थि-कलश की अस्थि, प्रवाहित हो तेरे दामन में।।

 



---विचार एवं शब्द-सृजन---

--------By-----

---Shashank मणि Yadava ‘सनम’---

---स्वलिखित एवं मौलिक रचना---