क्या यह पूर्व निर्धारित है

और मैं ही इसका निमित्त हूँ

तब यह कैसा साक्षात्कार है ?


जगत की वृहद् परिदृश्य में

अपनी दुनिया के आलोपन का

दर्शक बना

कैसी यह विकलता है ?


बड़े होने का अहसास

फिर;

कुछ नहीं होने की अनुभूति ;

ज़ब कोई अपना हाथों से फिसले

अनंत पथ को गमन करे ।


ना साथ दे सकूँ ना रोक सकूँ

फिर किसका दंभ !

हिम सा अटल व्यक्तित्व था जहां

जीवन भर जिसने संघर्ष किया

अंत सिकुड़ती काया में

स्वाँस का ना मिला संतोष ।


चाहकर भी वापस ना आ सके

रोकर भी वापस ना ला सके

इस नश्वरता का कोई निदान तो हो ?

असमय गमन का कोई पड़ाव तो हो ?


नास्तिकता की सीमा पार जाकर

प्रभुभक्त की प्रयाण में विराम चाहा ,

क्षण क्षण फिसलते प्राण वायु में

कुछ और पलों का साथ माँगा।


पुत्र के लिए सबसे कठिन प्रश्न

पिता के अवसान की स्वीकृति !

पुनश्च के कथाक्रम में कोई जीवटता नहीं

इस् नश्वरता में अब कोई जीवन ही नहीं ।