बारह-तेरह साल के बच्चे को मंदिर-मंदिर घूमने पर कितनी इच्छा घूमने की बच जाएगी, यह बतलाने वाली बात नहीं। ऐसे ही घूम-घूम कर बहुत थक गए थे हमलोग।
हमारे दक्षिण भारत भ्रमण का कार्यक्रम ऐसा था कि हमें बैंगलोर से कार करके बाकी सारे शहरों को कार से ही घूमना था।इससे होता यह था कि हम एक जगह से दूसरे जगह पहुँचने के लिए तकरीबन 300-400 किलोमीटर सफर करते थे।फिर अपने गंतव्य तक पहुँच कर वहाँ रहने के लिए व्यवस्था( होटल) देखते थे।फिर, वहाँ उस दिन रूककर अगले दिन आसपास घूमते हुए फिर आगे की ओर प्रस्थान करते थे।हाँ, एक बात बता दूं कि उस समय पहले से ही होटल आदि की बुकिंग सेवाएं उतनी ज्यादा प्रचलन में नहीं थीं। निष्कर्ष यह था कि हम यात्रा वाले दिन काफी थके होते थे।
हमारे पिताजी को आदत है कई जगह, कई आयामों से जबतक रहने के स्थान का अवलोकन न कर लिया जाए, तब तक वहाँ रहने का तो सवाल ही नहीं उठता।
इस गहन विश्रामागार- विश्लेषण में हमारी तो आफ़त आ जाती थी। माँ-पापा कार से उतरकर अपने परिक्षण में चले जाते और हमें( हम भाई-बहनों को ) हिदायत दे जाते गाड़ी में ही बैठे रहना।
उस कारें बहुत कम ही ए. सी. वाली हुआ करतीं थीं।स्थिति यह होती थी कि हमें कई बार तो एक-एक घंटा वहीं कार में बैठकर बिताना पड़ता था। कई बार तो मन इतना ज्यादा झुंझला जाता था कि एक या दो दिन रहने के लिए इतनी जि़ल्लत से अच्छा गाड़ी में ही सो जाया जाए। हिम्मत तो थी नहीं, कि इसके विरोध में चूं भी कहें। सो, चुपचाप मन का विष मन में ही पीकर शंकर बने रहना पड़ता था।
हमारे उसी भ्रमण के दौरान अगला पड़ाव मदुरै था।
हम तक़रीबन सुबह दस बजे वहाँ पहुंचे।पहुँचकर, पापा अपने मिशन के लिए क्रियाशील हो गए। इसी क्रम में एक होटल के बाहर हमारी गाड़ी खडी़ थी।इस बार माँ-पापा के साथ हमारे भाई साहब भी कट कर निकल लिए लेकिन हम दोनों बहनें सजायाफ्ता की तरह निरीह होकर अंदर ही बैठीं। हमारा ड्राइवर बगल की एक पान की दुकान पर खड़ा हो गया।
एक वृद्धा, जिसके कि एक हाथ में कटोरा तथा बगल में डंडा दबा था और दुसरे हाथ में एक लंबा सा झोला टंगा था, आकर गाड़ी में अंदर झांकने लगी। अपनी ज़ुबान में वह कुछ कह भी रही थी। हमें उसकी भाषा समझ में आए, इतनी तो शक्ति नहीं थी परन्तु उसके बोलने से, वेषभूषा से तथा हावभाव से उसकी इच्छा का अनुमान हो गया।
पास खडे़ ड्राइवर ने उसे वहीं से देख लिया था।वह क्षेत्रीय भाषा में ही उससे कुछ बोलने लगा। पीछे की दाहिनी वाली खिड़की से झांकती हुई उस वृद्धा ने पीछे मुड़कर ड्राइवर से कुछ कहा और फिर वही प्रक्रिया दुहराने लगी। तब तक मैं और मेरी बहन, सारे क्रियाकलाप, मूकदर्शक की तरह देख रहे थे।
उस वृद्धा की भाषा हमारे लिए तो बस ऐसी लग रही थी कि मानो कोई लोटे में कंकड़ भरकर लोटे को ज़ोर-ज़ोर से हिला रहा हो। मजाल था कि एक भी शब्द पल्ले पड़े। सिर्फ अक्षर ही समझ में आ रहा था वो भी ड़,ढ़ ञ डं.. ज्यादा ।
फूटी कौड़ी भी न होना……इस मुहावरे का अर्थ तो खूब रटा था लेकिन आज हमारे उपर वह साक्षात चरितार्थ होते दिख रहा था। हम जहाँ भी चल रहे थे पूरा परिवार साथ ही चल रहा था इसलिए हमारे पास अलग से एक भी पैसे नहीं थे कि हम उसके कटोरे में डालकर उसे चलता करते। हम उसे बार-बार शब्दों से, ईशारे से कहते रहे कि हमारे पास पैसे नहीं हैं फिर भी वह अपनी प्रक्रिया दुहराते जा रही थी।
मुझे एकबारगी यह ख्याल आया कि खिड़की का शीशा यदि चढ़ा दें तो बुढ़िया शायद हमारी सांकेतिक भाषा समझ जाएगी और आगे बढ़ जाएगी। परन्तु, जैसे ही मैंने खिड़की चढ़ाई, वह हचकती हुई दुसरी खिड़की जो कि खुली हुई थी, वहाँ आकर वही प्रलाप करने लगी।
इस बार वह मेरी बहन के बगल में आलाप ले रही थी लेकिन कान और दिमाग तो मेरे भी दुख रहे थे। मैंने जैसा कि पहले कहा है, हम ज्यादा थक चुके थे शायद इसलिए ज्यादा ही झुंझला रहे थे।
अब पास खड़ा ड्राइवर गाड़ी के बिल्कुल पास गया और उस वृद्ध माता को उसकी भाषा में शायद कहा कि इनके पास पैसे नहीं है, उनसे मत मांगो।
लेकिन, वह कहाँ मानने वाली थी? वह तो दुहराती रही। वह लगातार चालू थी और उसकी भाषा हमारे लिए और दुस्सह्य होती जा रही थी। अब हमारे धीरज का अंत हो गया। अब लगातार प्रलापी माता का जब कोई इलाज समझ में नहीं आया, तब मेरे मुँह से अनायास ही न जाने कौन-कौन सी शब्द रचनाऐं निकलने लगीं। मुझे लगा, क्या पता मेरे कुछ भी बोलने से जिसमें ‘ड’ और ‘ञ’ का मैंने ज्यादा प्रयोग किया था, उसकी भाषा में कुछ अर्थ निकले और वृद्धमाता यहाँ से रुखसत हों। परन्तु, यहाँ एक विचित्र बात हुई।
अब तक लाचार, बेबस सी आँख बनाए उस वृद्धा का, जिनकी आँखें हमें घूरी जा रहीं थीं, अचानक से कायापलट हो गया। उनकी आँखें चमकने लगीं। कई दफ़ा जैसे अचानक से तपती हुई ज़मीन पर बादल न जाने कहाँ से आकर टूटकर बरस जाते हैं, ठीक वैसे ही उसके चेहरे के भाव बदल गए।
बुढ़िया ने हँसना शुरू कर दिया।मुझे ऐसा लगाकि जैसे वह कुछ समझ रही है, मैंने शब्दों को दुहराना शुरू कर दिया। अब बुढ़िया की हँसी ने ठहाकों का रुप ले लिया।वह ज़ोर-ज़ोर से हँसने लगी। धीरे-धीरे उसकी हँसी इतनी प्रबल होती जा रही थी कि पास खड़े लोगों ने उसकी ओर देखना शुरू कर दिया। अब मैं घबरा कर चुप हो गई। इधर उस वृद्धा की हँसी बेतरतीब होती जा रही थी। हमारा ड्राइवर तब तक वहाँ पास आकर खड़ा हो गया। उसने उसे चुप करने को इशारा किया।
रोते हुओं को अक्सर आसपास खड़े लोग आकर चुप कराते हैं, परन्तु , बिचारा ड्राइवर हँसते हुए को कैसे चप कराऐं, समझ नहीं पा रहा था। पता नहीं क्या अर्थ निकल आया था मेरे इस व्यतिक्रम रुप से बोले गए इन स्वर और व्यंजनों से?
बुढ़िया की अनवरत हँसी ने मुझे ऐसा डराया, मुझे लगा कहीं यह हँसते-हँसते बेहोश न हो जाए। मैंने ड्राइवर से अनुरोध किया कि किसी तरह इसे जल्दी से चुप कराओ। तब तक वहाँ कुछ और लोग भी इकट्ठे होने लगे उसकी हँसी सुनकर। सभी लोगों ने उसे हड़काना शुरू किया तो गाड़ी पकड़कर हँसती हुई वह अपना संतुलन खोने लगी। धीरे-धीरे डंडे के सहारे लेती हुई वह गाड़ी के बगल में जाकर वहाँ अपनी झोली, डंडा, कटोरा सब ज़मीन को समर्पित करती हुई बैठकर मेरी तरफ ईशारे कर-कर के हँसी जा रही थी।
लगभग पंद्रह मिनट तक की उसकी उस अविच्छिन्न हँसी ने मुझे सांसत में डाल दिया था।
धीरे-धीरे जब इक्कट्ठी हुई भीड़ को उसने देखा, तब जाकर कहीं स्वभाविक हँसी पर आकर रुकी।
शायद, उस वृद्धा की जिंदगी से हर तरफ से मुँह मोड़ चुकी खुशियाँ पुरे ब्याज सहित एक ही बार उसकी झोली में आ पड़ी थीं। लेकिन क्यों?
भाषा की विषमताओं के कारण एक बिना अर्थ की भाषा ने न जाने क्या अर्थ निकाला था कि अर्थ की शायद…… अर्थी ही निकल गई थी, अन्यथा, वह वृद्धा तो मनोरंजन के उद्देश्य से तो नहीं ही निकली होगी भिक्षाटन पर। भाषा की विविधता ने उसके स्वभाव को ऐसा बदल दिया कि वह किस उद्देश्य से निकली थी, भूल कर बैठ गई थी हँसने।उस समय वह परिस्थिति चाहे जैसी भी लगी हो मुझे, परन्तु , अब बैठकर सोचने पर लगता है काश……कुछ गलतियां ऐसी भी होती रहें अनजाने में कि रुपये-पैसे भले ही दें या ना दे पाऐं, परन्तु , ये हँसी…. अमूल्य हँसी…. ज़रूर डालते जाऐं सबकी झोली में।
उस वृद्धा को मन आज भी श्रद्धा समर्पित करता है जिसने की हँसी की गंभीरता का पाठ मुझे पढ़ाया।
हँसी-मुस्कुराहट सोने-चांदी बने जा रहे हैं ,
अब विरले ही कहीं नज़र आ रहे हैं,
हँसी तो लाकरों में रखी जा रही है,
मुस्कुराहट के गहने भी बहुत कम नज़र आ रहे हैं।
--( शान्ता )
