और... सौमिक अकेला नहीं होगा....
प्रतिदिन उसका कक्षा में प्रवेश लगभग उसी समय होता था जब मैं हाजिरी ले चुकी होती थी। कई बार तो तब , जब मैं पढ़ाना शुरू भी कर चुकी होती थी।ये बच्चे अभी नए ही थे मेरे लिए, इसलिए मैंने अभी कोई सख्ती शुरू नहीं की थी। लगभग पंद्रह दिन बितने पर मैंने अपनी सख्ती थोड़ी नरमाहट से शुरू करना आरंभ किया। मैंने बच्चों को बहुत सारे कायदे कानून उनकी इस नई कक्षा के बारे में बतलाया जिसमें देर से आने फर कार्रवाई भी शामिल थी। मैंने बताया कि देर से आने पर मैं कोई भी छेड़छाड़ रजिस्टर में नहीं करूंगी, फलत: आपकी अनुपस्थिति को उपस्थिति में नहीं बदलूंगी।
अपने द्वारा की गई सख्ती से मुझे अब फ़र्क नज़र आने लगा था। अब लगभग सारे बच्चे, मेरे कक्षा में प्रवेश करने से पहले आ चुके होते थे। सिवाय "सौमिक देव” के।
ऐसे ही लगभग एक महीना बीत गया। परन्तु, उसके आने के समय में कोई तब्दीली नहीं आई। मुझे उसका रोज़ देर से आना अब ऐसा लगने लगा था कि मानो वह मुझे जानबूझकर चिढ़ाने के लिए ऐसा करता है। मैं दिन-प्रतिदिन उसके प्रति सख्त होती जा रही थी। परन्तु, वह बिचारे की तरह सिर झुकाए बस खड़ा रहता, कुछ भी सफाई दिए बिना। कितना भी डांटती, बस लगातार ज़मीन की ओर देखता रहता, बिना कुछ बोले।
मैं रोज़ उसे डांटती और वह रोज़ ” सौरी ” बोलकर, अगले दिन समय पर आने की बात कहकर नीचे ज़मीन पर अपनी नज़रें गड़ा लेता।
एक दिन मेरा गुस्सा फूट पड़ा। मेरी पहली घंटी उसी कक्षा में होती थी जिसकी मैं कक्षाध्यापिका थी। इसलिए हाज़िरी लेने के तुरंत बाद ही मैं पढ़ाना शुरू कर देती थी।
उस दिन जब लगभग मात्र दस मिनट बचे होंगे घंटी खत्म होने में तब अचानक से सौमिक आ कर खड़ा हो गया कक्षा के बाहर। उसे देखकर मेरा गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया। मैंने उसे अंदर बुलाकर बहुत ज़ोर-ज़ोर से डांटना शुरू किया।
मेरे शिक्षणकाल में मैंने कभी भी बच्चों को उनके माता-पिता से जोड़कर नहीं कुछ कहा था।
मैंने उसे डांटते हुए कहा –” जब रोज़ देर हो जाती है तो घड़ी में अलार्म लगाकर क्यों नहीं सोते? कैसे हैं तुम्हारे माता-पिता कि वो भी नहीं उठाते और तुम्हें रोज़ देर से आने देते हैं? मेरे बच्चे से इतनी देर हो जाती तो मैं उसे स्कूल ही नहीं जाने देती। डायरी लाओ मैं उनसे मिलना चाहती हूँ।
कैसा सहनशील बच्चा था। अभी भी उसने कुछ कहा नहीं, बस डायरी निकाल कर मेरी तरफ बढ़ा दिया। मैंने अपनी बात को और जो़र देकर कहा कि यदि कल वह अपने अभिभावकों को लेकर नहीं आएगा तो उसे कक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दूंगी। कह कर मैं उसकी डायरी में लिखने लगी।
वह अभी भी चुप था।
उसके एक मित्र ने धीरे से उठकर कहा -“कहते क्यूँ नहीं कि पापा यहां नहीं रहते?”
मैंने उसके मित्र द्वारा कही गई बात को सुन लिया फिर उसे प्रश्नवाचक नेत्रों से देखने लगी। उसने बिना कुछ कहे फिर से सिर झुका लिया। मुझे बहुत चिढ़ आ रही थी कि कैसा बच्चा है?
मैंने पुछा- “कहाँ रहते हैं तुम्हारे पापा?”
सौमिक – “कलकत्ता”।
मैंने फिर पुछा – ” कितने दिनों पर आते हैं यहाँ ?”
सौमिक – ” जी, पंद्रह-बीस दिनों में, या, कई बार महीना भी हो जाता है।”
मैंने पुछा – ” अच्छा, तो तुम अपनी मम्मी और भाई-बहनों के साथ रहते होगे?”
वह चुप हो गया।
उसके मित्र ने कहा कि बोल क्यों नहीं रहे? लेकिन वह चुप था।
फिर मैंने उसके मित्र से ही पुछा कि क्या बतलाने को बोल रहे हो? तुम्हीं बता दो।
अब उसका मित्र बोल रहा था।
मित्र- “इसकी मम्मी तो तीन साल पहले तभी गुज़र गईं थीं जब हम लोग छठी कक्षा में थे।”
अब मेरी सोच ने बिल्कुल यू-टर्न ले लिया एक ही मिनट में। मुझे बहुत ही ज्यादा अफ़सोस हुआ।
मैंने कहा – “कोई बात नहीं बेटा, किसके साथ रहते हो? बड़े भाई-बहन, दादा-दादी या कोई और? उसे ही लाना।”
इस बार उसका मुँह खुला और धीरे से बुदबुदाते हुए उसने कहा – “अकेला ही रहता हूँ।”
अकेले! नवीं कक्षा में पढ़ने वाला बच्चा, अकेले?
मैंने कौतूहलवश पूछा – “कोई तो और रिश्तेदार होगा जो तुम्हारा ध्यान रखता होगा?”
उसने बतलाया- ” कोई नहीं, हमारे सारे रिश्तेदार बंगाल में ही रहते हैं। यहाँ बिहार में हमारा कोई भी नहीं है।”
मेरे अंदर कौतूहल बढ़ता ही जा रहा था कि आखि़र कौन सी मजबूरी है जो इसके पिता ने इसे यहां अकेले ही रहने छोड़ दिया? कौन ध्यान रखता होगा उसके खाने-पीने का?
बिल्कुल सन्न थी मैं उसके बारे में जानकर। उसने बतलाया कि पहले उसके पापा यहीं रहते थे, लेकिन इधर क़रीब एक साल से उनकी नौकरी में आए बदलाव की वजह से उन्हें जाना पड़ता है। उसके पिता जी ने किसी ढाबे वाले से बात कर दी थी जहाँ से कि वह सुबह-शाम खाना खा लिया करता था।
उसने आगे बतलाया कि रोज़ अलार्म लगाकर सोता हूँ लेकिन पता ही नहीं चलता कब नींद में उठकर अलार्म बंद करके सो जाता हूँ।
जब नींद खुलती है तो देर हो चुकी होती है।
मैंने पुछा – ” देर हो जाती है तो मैं डांटती हूँ, सजा मिलती है, फिर भी, तुम स्कूल क्यों चले आते हो?
उसने कहा – “आपकी डांट बुरी लगती है, लेकिन, देर होने के बावजूद मैं इसलिए आ जाता हूँ क्योंकि मैं सारा दिन अकेले घर में नहीं रहना चाहता हूँ। मैं अकेले रहकर बहुत ऊब जाता हूँ।”
और भी बहुत कुछ जानना चाहती थी उसके बारे में तभी घंटी बज गई। मैंने धीरे से अपनी रिमार्क को काट कर उसकी डायरी उसे पकड़ा दिया।
कितना समझदार और सहनशील बना दिया था मजबूरी ने उस बच्चे को!
इस घटना के बाद सौमिक के देर से आने का सिलसिला रुका तो नहीं, कम ज़रूर हो गया। मुझे अब उसका देर से आना कभी भी बुरा नहीं लगता, हाँ, उसके देर से आने के बावजूद भी मैं उसे देखकर खुश हो जाती कि आज सौमिक अकेला नहीं होगा घर पर…..
( शान्ता )।
