छोटा सा घर बार बहुत है
मुझको तेरा प्यार बहुत है

इतना तुमको याद रहे बस
दुनिया दुनियादार बहुत है

मत आने दो और किसी को
एक ही चौकीदार बहुत है

रब ने हमको मिलवाया है
रब का इतना प्यार बहुत है

कैसे मिलने आओगी अब
रस्ता ये दुश्वार बहुत है

मैं समझा था इश्क़ किया है
तू तो साहूकार बहुत है