अभी अभी वो इस नए घर में आई है, ये उसका अपना ही घर है और उसे ये पता है। वो बिल्कुल सहजता से इसे स्वीकार भी कर चुकी है और अगर नहीं ही कर पाई है तो ये बात कौन जानता है। उससे कोई भी नहीं पूछेगा। लेकिन आश्चर्य तो इस बात का है कि भले ही कुछ दिन बाद, पर एक दिन वो इसे अपना घर मान लेगी। उसे शायद बचपन में ही ये बात बता दी गई थी,जिस घर में वो जन्मी है वो उसका नहीं है। आज से जहा उसका आने वाला बीस-पच्चीस साल गुजरेगा। जहां के आंगन में वो चहलकदमी करेगी, हंसेगी,गायेगी, जहां मर्जी हो वहां सोएगी पर ये घर उसका नहीं है। और ये जानती है वो। क्योंकि पहले कभी किसी ने यही परम्परा तो बनाई थी।और वो परम्परा तोड़ेगी?वो तो केवल इसे ढोने के लिए आई है। और शायद उसे पता भी नहीं है कि वो अगर चाहे तो वो ऐसी रीति रिवाजों को तोड़ भी सकती है। अरे उसे कहा वक्त है ये सब सोचने का। और अगर वक्त है भी तो वो कहा सोचेगी, वो तो ये देखेगी की ऐसा क्या किया जाए कि उसे ही बेस्ट बहू का अवॉर्ड मिले। साड़ी के पल्लू को और कितना नीचे कर दिया जाए, भले ही पेट दिखता रहे मगर चेहरा नहीं दिखना चाहिए। आवाज़ जितनी हो सके उतनी धीमी ही रहे तो अच्छा है। ये एक मापदंड है अच्छी बहू होने के। और उसे इस तय किए हुए मापदंड से कोई समस्या नहीं है। बल्कि वो तो कितनी सहजता से इसे निभा रही है। देखो, उसे तो कोई दिक्कत नहीं है।

उसका ना तो अपना कोई वजूद है ना ही अस्तित्व। ना ही उसकी कोई अपनी विचारधारा। उसे पता ही नही है कि सुकून, खुशी और आजादी जैसे शब्द के भी कुछ मायने होते है।वो जो कुछ भी पसंद करती है वो इसीलिए क्योंकि उसके ससुराल वाले पसंद करते है। वो वोट देने तो जाती है पर किसे देना ये उसने पूछ लिया है घर में। उसे पता ही नहीं की, वो भी देश के लिए बलिदान हो सकती है, सामाज की बुराइयों से लड़ सकती है, परंपराए तोड़ सकती है। जो पैसा वो आज अपने पति से मांग रही है, उसे वो खुद भी कमा सकती है। कि उसकी विचारधारा उसके इस अपने नए घर से अलग भी हो सकती है। कि उसे भी सवाल करने का हक है। कि घर में सबका ख़्याल रखना बस उसकी ही जिम्मेदारी नहीं है। कि कभी कभी खाना अगर मर्द भी बना ले तो इसमें कोई बुराई नहीं है। कि उसका अपना भी एक अस्तित्व होना ज्यादा ज़रूरी है बहू होने से।

माना की सहजता से और सुख से भी कट रहा है तुम्हारा ये जीवन, किन्तु तुम ज़िंदा नहीं हो, ये भी उतना ही सच है।