जब दिल उदास होने लगे क्या करे कोई
तनहाइयों में बैठ के रोया करे कोई
मैं चाहता नहीं कि मिरा ग़म कोई सुने
मैं चाहता नहीं तुम्हें रुसवा करे कोई
करता है अब तवाफ़ किसी और ज़मीं का चाँद
अब दूर से ही चाँद को देखा करे कोई
हसरत में अब किसी की न तड़पा करूँगा मैं
मेरी भी आरज़ू में न तड़पा करे कोई
ख़ुद को सज़ाएँ देना गुनाह-ए-अज़ीम है
क्यों न गुनाह-ए-इश्क़ से तौबा करे कोई
चैन-ओ-सुकूँ गँवाया सुकूँ की तलाश में
कब तक सुकूँ की चाह में भटका करे कोई
'शादाब' अब वफ़ा पे भरोसा नहीं रहा
अब मुझसे दिल्लगी का न दावा करे कोई

