सुनो, चाय बना रही हूँ, पीकर जाना,**
बस थोड़ा सा धीरज, और थोड़ा सा इंतज़ार।
फिर होगी तुम्हारे लिए एक खुशबूदार, स्वाद भरी चाय।
जो जल्दी करोगे, तो चाय में वो स्वाद नहीं आएगा।
मिल तो जाएगी चाय, पर उसमें अपना होने का एहसास नहीं आएगा।
देखो, यूँ तो आसान नहीं है कुछ चीज़ों को सही अनुपात में मिलाकर
परफेक्ट तेज़ की चाय बनाना, स्वाद अपना तलाशना,
या किसी और की मर्ज़ी में खो जाना।
किसी को चाय इलायची वाली चाहिए, तो किसी को अदरक वाली,
किसी को चाय में चीनी चाहिए, तो किसी को फीकी चाय।
मगर फिर भी, हर स्वाद के लिए सुकून भरी चाय बन रही है।
क्योंकि हर स्वाद की चाय, हर किसी को भाती नहीं,
जैसे किसी के जज़्बात और आँखों की उदासी,
हर आँख पढ़ पाती नहीं।
न जाने कितने त्याग, सम्मान, और प्यार का मिलाना होता है
चाय बनाने के लिए।
चाय के पानी को ईंधन पर चढ़कर
मुश्किलों के उबाल से गुज़रना पड़ता है।
फिर हवा के झोंकों से आती हैं इश्क़ के रंगों की हरी-भरी पत्तियाँ,
और वक़्त के साथ ज़िंदगी के पानी का रंग बदल जाता है।
कुछ कड़वी पत्तियाँ चाय को रंग दे जाती हैं,
पर उसमें इश्क़ की मिठास का स्वाद,
कड़वाहट में छिपी खुशबू के साथ सजाना होता है।
वो पल जो गुज़ारे हैं तुमने उसके ख़यालों में,
मीठी यादों की शक्कर परी,
खुशबूदार इलायची के दाने के साथ स्वाद बढ़ाना होता है।
फिर भी, अगर बढ़ जाए कड़वाहट,
तो ‘मैं’ की अदरक को कूटकर,
शिकवे-शिकायतों के निचोड़ को चाय में मिलाना होता है।
और फिर, निस्वार्थ प्यार का दूध, धीरे-धीरे चाय में मिलाना होता है।
बस फिर देना होता है वक़्त—
रिश्तों को थोड़ा गहरा, थोड़ा खुशबूदार,
और थोड़ा अपना सा बनाने के लिए,
ताकि ज़्यादा कड़वाहट और ज़्यादा मिठास के बीच
रिश्ता संभल जाए।
और चाय में स्वाद और रिश्तों में मिठास,
थोड़ी और बढ़ जाए।

बस, थोड़ा सा इंतज़ार,
फिर होगी मेरी और तुम्हारी चाय तैयार।
सीमा आचार्य