मन के पुष्प समर्पण करती हूँ चरणों में,

गाती हूँ नित्य गीत सुनहरे अपने स्वर में,

बसे हैं शब्दों की माला मेरे मन मन्दिर में,

पापा, आपकी दुलारी अडिग खड़ी है राहों में।


मन में आत्म विश्वास जगाया,

सपने बुनना हमें सिखलाया,

अपनी मंजिल तक जाने को,

पापा ने ही राह दिखलाया।


कभी ना गिरना है जीवन में,

फख्र से जीना है हर हाल में,

तभी मष्तक ऊँचा होगा मेरा,

पापा का सबक था शिक्षण में।


आत्मबल ही है पूंजी हमारी,

छल से ना जीत होगी तुम्हारी,

अपनी महत्त्व से परिचित होना,

पापा कहते, यही है जीत तुम्हारी।


राहों में व्यवधान हरदम पाओगे,

अपने दम पर ही जीत पाओगो,

समेटकर अपने हिस्से की खुशियाँ,

पापा कहते, सब तुम कर पाओगे।


बेधड़क बढ़ना है तुम्हें जीवन में,

घबराना नहीं अकेले पड़ने में,

सब सिखलाया है हमने तुझको,

पापा की नसीहत याद आते विध्न में।


लड़की हो तो क्यों घबराना है?

अपने इल्म से जंग जीत जाना है,

कमजोर नहीं तुम सरस्वती रूप हो,

पापा कहते, तुम शक्ति स्वरूप हो।


ईश्वर ने इन्सान की रचना कर डाली,

गुण-अवगुण सब उसमें भर डाली,

अब तेरी जिम्मेवारी है, ऐ मेरे बच्चे!

पापा कहते,संयम ही है शस्त्र तुम्हारी।


कभी कहानी ,कभी कहावत से,

हर पाठ पढ़ाते थे बड़ी शिद्दत से,

जीवन कभी भार नहीं बतलाया,

मानव हृदय का सौंदर्य समझाया।


पापा प्यार बहुत करते थे गुलाब से,

समर्पित करते ईश्वर को प्यार से,

फिर उसे संवारते थे गुलदस्ते में,

कहते बनो जीवन में तुम फूल से।


पुष्पित ,सुरभित,करना जहान को,

जीवन -आधार बनाना सौंदर्य को,

पर नैसर्गिकता के महत्व को समझो,

अपनी खुशबू फैलाओ इस जगत में।


सुबह-सुबह हमसब को रोज जगाते ,

कबीर के दोहे अक्सर हमें सुनाते,

कहते थे समय को तुम्हें पकड़ना है,

घड़ी की टिक-टिक संग चलना सिखलाते।


लम्बी फेहरिस्त सीख की हमें थमायी,

सभी बातें आज तक मैं समझ न पायी,

अभी भी रहस्य कई अनसुलझे हैं, पापा,

आपकी जगह जीवन में आज तक ना भर पायी।

******


सीमा आजाद़