कौन हैं वो ?
जो मौत से डरते हैं
मौत तो आसान रास्ता है
जिन्दा रहना कठिन है
जिंदगी
कंकर पत्थर की पगडंडी है
जहाँ
भूख लगने पर
रोटी तोड़ना आसान है
थाली का जुगाड़ कठिन है
यहाँ गुजर करना है तो
रास्ते की जरूरतें हैं
खर्च करना आसान है
जरिया मिलना कठिन है
सफर है तो यात्री हैं
यात्री हैं तो भावनाएँ हैं
भावनाओं का
संबंधो का
मृत हो जाना आसान हैं
उथलपुथल में नाव खेना कठिन है
रुक जाना
थम जाना
निष्क्रिय होना आसान है
चलते रहना कठिन है
मौत का रास्ता सर्वदा आसान है
जीवन कठिन पथ है ।


