बेरंग सी थी मेरे चितवन की क्यारी,

अलसाई सी थी मन की सुनी डगरी,

हिय के चौखट पे पा आहट तुम्हारी,

पुलकित खिली रोम-रोम की मंजरी।


उजाला तुम्हीं से मन की संकरी गली में,

दीप्त तारों सी नित्य मेरे नभमण्डली में,

जुगनू सी जगमग, शांत चाँदनी शीतली में,

तुम आभा का उद्गम, मेरी रात श्यामली में।


निहारते पथ पुष्प, गंधहीन-निष्प्राण हारे ,

मधुर खिलखिलाहट से, हर्षित जागे सारे ,

है मधुवन में सौरभ, श्वसन से तुम्हारे ,

सुगन्धित सुमन हैं, इन कुंतल के सहारे।


भोर की किरणों से, छाई जब लाली,

गगन में उड़ते, पखेरू की ठहरी मिचौली,

चहकती पंछियाँ भी मुदित, इठलाती मचली,

गूँजी वाणी तुम्हारी, कोकिला सी सुरीली।


तरुणाई आई, पतझड़ के शुष्क तरु में,

लालसाओं की डोली, उतरी मन अँगने,

बिखरे आशाओं को, चुनकर संजोने,

अँजुल में बटोरना, सिखाया है तुमने।