उँगली छूटा पहली बारी तब,
थोड़ा सा मैं ठहमा था,
पा उन नैनों में कठोर भाव,
और अधिक मैं सहमा था।

संशय में एक कद बढ़ा जब,
नासिकाओं ने पुनः श्वास भरा,
हे पिता! आपसे ही प्रेरित हो,
था प्रथम आत्मविश्वास जगा।

पालन का अनूठा ढंग पिता का,
निष्ठुर, क्रुद्ध सी उपमाएं सहते हैं,
अंक या आलिंगन में संभवतः कम,
ह्रदय के कोणों में पूरा भरते हैं।

किन्तु असत्य है शुष्क की उपमा,
बने तो हैं वे भी घोड़ा हाथी,
झुलाया अपने गोद का झूला,
और काँधे की सवारी न्यारी।

पग-पग असंख्य फिर लेते-लेते,
हुआ युवावय का आरम्भ प्रसंग,
स्वयं पितृत्व के सुखद भाव का,
चखा ह्रदयांग ने अनुपम आनन्द।

निर्वहन अनंत दायित्व का करते,
अनुभव किंचित परिपक्व हुआ,
आपके आश्रय के बोध से किन्तु,
लड़कपन का सदा आभास रहा।

चिन्ता और व्याकुलता के मध्य में,
चित्त का एकाएक वो मचल उठना,
क्यों अधीर हुए तुम? हे मन!
वे तो अभी उपस्थित हैं ना।

उँगली छूटा अंतिम बारी अब,
भय कंपित अंतर में ताप है,
आह! किस मुख से दंभ भरूँ कि,
मेरे सर पे पिता का हाथ है।