तुमने मुझको अपना माना,
मेरे भावों को पहचाना,
इतराऊँ मैं अपने भाग्य पर,
हर पल, हर क्षण यही सोचकर,
मुझसा जीवन किसका होगा!
पारस सा छूकर मेरे मन को,
अर्थहीन अंतः-दर्पण को,
कंकड़ से कनक कर डाला,
स्याह निशि में भरा उजाला,
मुझसा जीवन किसका होगा!
छिन-छिन जैसे एक दीवाली,
इक-इक रंग कोई रंगोली,
अंतर्मन के कोने को सजाऊँ ,
नव आशा के दीप जलाऊँ,
मुझसा जीवन किसका होगा!
बसंत जो लेकर तुम हो आए,
अब ना यह मौसम कभी जाये,
अपनी बगिया को मैं सींचूँ,
सुखी कलियों को मैं बीछूँ,
मुझसा जीवन किसका होगा!

