कई सुहानी बातें लेकर,

खट्टी मीठी यादें लेकर,

अनूठे नोंक-झोंक के किस्से,

सोचूँ अँखियों को मींचे,

भाई-बहन का लाड़-दुलार,

आया भाई दूज त्योहार।


विभोर चित्त दिवा पावन में,

सुंदर सा अरिपन आँगन में,

सिन्दूर-दही तिलक सजाकर,

पान सुपारी हाथ बांध कर,

भरे आँचल धोके पीठार,

आया भाई दूज त्योहार।


बला भैया की मुझपे आए,

बहना मेरी आयु भी पाए,

यही मनोरथ दोनों के मन,

कैसा अबूझ अनोखा बंधन,

जग का सबसे पुनीत यह प्यार,

आया भाई दूज त्योहार।